चार साल में मोदी सरकार ने जनता के लिए कुछ नहीं किया : राजू
चरखी दादरी। युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव राजू मान ने गांव झोझूकलां में शुक्रवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर पार्टी 26 मई को विश्वासघात दिवस के रूप में मनाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने इन चार साल के दौरान सिर्फ बात ही बात की हैं और धरातल पर जनता के लिए कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी सरसों बेचने के लिए अभी भी इंतजार कर रहे हैं। साल में दो करोड़ को रोजगार देने का वादा करने वाली मोदी सरकार में युवा नौकरी पाने के लिए भटक रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद पेट्रोल और डीजल के बढ़े दामों ने आम आदमी को परेशान कर दिया है। वहीं, सरकार टैक्स के रूप में अपना खजाना भर रही है और जनता को कोई राहत नहीं दे रही है।
राजू मान ने कहा कि कहा कि पहले नोटबंदी और बाद में जीएसटी ने काम धंधों को चौपट कर दिया है। विकास के लिए बड़े दावे करने वाली मोदी सरकार ने सिर्फ योजनाओं का नाम बदला है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए कांग्रेस के जिले के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता 26 मई को सुबह साढ़े नौ बजे जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन करेंगे।
इस मौके पर जिला कांग्रेस एससी विभाग के प्रधान सुशील, बिजेंद्र झोझू, पूर्व सरपंच अत्तर सिंह बलाली, जमात अली, बलवान सिंह, मांगेराम सांगवान, जयपाल सांगवान, भगवानराम, अर्जुन सिंह, राजकुमार दलाल, राजेश सांगवान, संजू सांगवान, दलवीर, श्योनारायण, जिले सिंह, राजकुमार, राजेश बेरला आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।