अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
गोरिया गांव की गोल्डन गर्ल मनु भाकर का सोमवार को सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम गोरिया गांव की पंचायत के द्वारा गांव के यूनिवर्सल स्कूल में रखा गया था, जिसका न्योता सीएम के साथ-साथ विपक्ष के नेताओं को भी भेजा गया। जिस पर सभी ने गांव का न्योता स्वीकार किया और गांव में पहुंचने के लिए सहमति जताई। लेकिन तीन दिन पहले सीएम मनोहरलाल के कार्यालय द्वारा कार्यक्रम जारी किया गया कि सीएम नेहरू कॉलेज में मनु भाकर को सम्मानित करेंगे। इसके लिए मनु के परिजनों को नेहरू कॉलेज में बुलाया जाएगा। इसके बाद अब तय हुआ है कि गांव के सम्मान समारोह में नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला तथा सांसद दीपेंद्र हुड्डा शामिल होंगे। वहीं, नेहरू कॉलेज के कार्यक्रम में सीएम शामिल होंगे।
ग्रामीणों ने जताया था रोष
सीएम के द्वारा गांव में न आकर नेहरू कॉलेज में कार्यक्रम करने को लेकर गोरिया गांव के लोगों में खासा रोष है। ग्रामीण सरपंच नीरज देवी के घर पर पहुंचकर इस बारे रोष जता चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फसल कटाई के सीजन में वे 35 किलोमीटर दूर जाकर अपनी लाडली का सम्मान नहीं देख पाएंगे। अगर सीएम गांव आते तो उन्हें खुशी होती।