प्रशासन ने प्रेमी जोड़ों के लिए शुरू किया सेफ हाउस
चरखी दादरी।
परिजनों की अनुमति बिना शादी करने वाले प्रेमी जोड़ों को सुरक्षा व आश्रय देने के लिए पुलिस प्रशासन ने जिले में सेफ हाउस सेवा शुरू की है। ये सेफ हाउस सीसीआई परिसर स्थित पुलिस लाइन में बनाया गया है। वीरवार को इसकी शुरुआत की गई और पहले ही दिन एक प्रेमी जोड़ा पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाने पहुंच गया। इस प्रेमी जोड़े को पुलिस ने सेफ हाउस में रखा है।
इससे पहले प्रेमी जोड़ों को सेफ हाउस में रहने के लिए भिवानी या अन्य जिलों में जाना पड़ता था। अब जिला पुलिस ने यह सुविधा जिला मुख्यालय पर ही शुरू कर दी है। वीरवार को सेफ हाउस की शुरुआत कर यहां पुलिस कर्मियों की भी तैनाती कर दी गई। पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने बताया कि यहां तैनात किए गए पुलिस कर्मियों को एसएलआर जैसे आधुनिक हथियारों से लैस किया गया है। प्रवक्ता ने पुष्टि करते हुए बताया कि पहले ही दिन एक प्रेमी जोड़े ने यहां शरण ली है।