नई लाइनें बिछाने से चरमराई बिजली आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
पूर्ण मार्केट सहित बस स्टैंड रोड के व्यापारियों और दुकानदारों ने बिजली की किल्लत को लेकर रोष प्रदर्शन किया। दुकानदारों का कहना है कि बिजली किल्लत से उनको काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली निगम द्वारा नई लाइनें बिछाए जाने के कार्य के चलतेे सुबह से देर शाम तक बिजली सप्लाई बाधित कर दी जाती है। इतना ही नहीं कई बार हाई वोल्टेज आपूर्ति के कारण व्यापारियों के बिजली से उपकरण भी जल जाते हैं विशेष तौर पर उन व्यापारियों और दुकानदारों के जिनका काम ही बिजली उपकरणों पर आधारित है उनका काम धंधा से पूरी तरह से ठप हो चुका है। इससे दुकानदारों में खासा रोष है।
बुधवार को पूर्ण मार्केट प्रधान संदीप फौगाट के नेतृत्व में व्यापारियों और दुकानदारों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान मार्केट प्रधान संदीप फौगाट ने कहा कि कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी लेकिन वर्तमान स्थिति इसके विपरीत बनी है। पिछले तीन -चार दिनों से बिजली निगम द्वारा लाइनों को बदलने और नई लाइन बिछाए जाने का कार्य किया जा रहा है। इससे दिनभर बिजली बंद रहती है। पूर्ण मार्केट सहित आसपास के सभी दुकानदारों का काम धंधा पूरी तरह से ठप हो गया है।
बिजली निगम को टाइमटेबल के अनुसार लाइन बिछाए जाने का काम करना चाहिए ताकि दुकानदारों को इतनी परेशानियां न झेलनी पड़े। दुकानदारों को दिन के समय कम से पांच घंटे तक बिजली अवश्य मिलनी चाहिए जिससे उनका काम चौपट न होने पाए। संदीप फौगाट ने कहा कि इस समय न तो इन्वर्टर ही चार्ज हो पा रहे हैं और साथ में अचानक हाई वोल्टेज आने से बिजली उपकरण जल जाने पर हजारों का आर्थिक नुकसान भी भुगतना पड़ रहा है। संदीप फौगाट ने कहा कि अगर यही हाल रहा तो दुकानदारों को सड़क पर उतरना पड़ेगा। इस दौरान मार्केट उपप्रधान राजेश जाखड़, डॉ. बाबू लाल वर्मा, जयकिशन शर्मा, जेपी छिल्लर, सोनू मैहड़ा, सतीश गाबा, प्रवीन, नीरज मिश्रा, विकास, सोनू साहुवास, प्रवीन कासनी, राकेश गुप्ता, राजेश वर्मा, सुधीर, प्रदीप बंगाली, विजय, बंसी, संजय साहुवास, विका दलाल, सुनील सुहाग, विक्रम दलाल, बिट्टू, सुरेंद्र वर्मा, संजय वर्मा, डॉ. श्यामलाल, भूपेंद्र, बिशंभर सहित पूर्ण मार्केट व बस स्टैंड रोड के दुकानदार मौजूद रहे।