फॉल्ट आने से तीन गांवों में रातभर रहा ब्लैक आउट
अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां।
नववर्ष की पहली रात ही बौंदकलां फीडर के तीनों गांवों में रातभर ब्लैक आउट रहा। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे ही इन गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई। बिजली नहीं आने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। सोमवार रात्रि करीब 10 बजे गांव बौंदकलां, बौन्दखुर्द व रणकोली में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। तकनीकी फॉल्ट के चलते तीनों गांवों में पूरी रात बिजली आपूर्ति बंद पड़ी रही। बिजली निगम के कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह लाइनों को दुरुस्त करने के बाद ही साढ़े 8 बजे बिजली आपूर्ति को बहाल करवाया। बिजली नहीं आने के कारण इन गांवों में धुंध और सर्दी के बीच अंधेरे में ही रात गुजारनी पड़ी। अलसुबह भी बिजली नहीं होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। इस बारे में फीडर प्रबंधक जेई प्रवीन कुमार ने बताया कि रणकोली गांव में एक बिजली ट्रांसफार्मर में तकनीकी फॉल्ट के चलते ही पूरी लाइन में बाधा बनने से बिजली आपूर्ति रात्रि को नहीं हो सकी।