अमर अजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
हाल ही में दुबई में हुई इंडो पाक चैंपियनशिप में सोनीपत जिले के गांव दातौली का बिरजू पहलवान छाया रहा। बिरजू पहलवान ने पाकिस्तान के पहलवान को मात्र दो मिनट में पटकनी देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। विजेता पहलवान के सम्मान में वार्ड नंबर-1 में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें खेल प्रशंसकों व विभिन्न वर्ग के लोगों ने फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इससे पहले खेल प्रशंसकों द्वारा बिरजू पहलवान का मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ स्थानीय विश्राम गृह में लाया गया। जहां महिला मोर्चा जिला की उपाध्यक्ष रेणू खैरपुर ने बिरजू पहलवान को तिलक लगाकर उसका स्वागत किया।
17 नवंबर को दुबई में इंडो पाक चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था, जिसमें भारत की ओर से करीब 10 पहलवानों ने भाग लिया। इसमें सोनीपत के गांव दातौली के बिरजू पहलवान सुपर हैवी वेट में पाकिस्तान के मोहम्मद शहजाद को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। बिरजू पहलवान की इसी जीत से खेल प्रशंसकों में खुशी का माहौल है। सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि बिरजू ने पाकिस्तान के पहलवान को मात्र 2 मिनट में चित कर देश का गौरव बढ़ाया। बिरजू पहलवान इससे पहले एशिया में सिल्वर व नेशनल में कई बार पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर चुके है। बिरजू पहलवान गुरु बदरी अखाडे़ में प्रैक्टिस करते हैं और समयपुर बादली उनका खुद का अखाड़ा है, जिसमें बिरजू पहलवान के पिता ओमप्रकाश पहलवान बच्चों को कुश्ती के दांव पेंच सिखाते हैं। बिरजू पहलवान ने अपनी इस जीत का श्रेय अपने अभिभावकों, कोच व खेल प्रशंसकों को दिया। बिरजू पहलवान ने बताया कि बचपन से ही वह कुश्ती के दांवपेंच सीखने लगे थे और उसके सभी भाई भी पहलवान हैं। स्वागत करने वालों में कांग्रेसी नेता सतपाल राठी, पार्षद गुरुदेव राठी, पार्षद रमन यादव, पार्षद संदीप, असलम खान, दलित महासभा के प्रदेशाध्यक्ष बिजेंद्र लूखड़, सरपंच पति जयंत तंवर, राहुल मंडौरा, अनिल पंवार, शंकर, नीरज बंसल, मुकेश पांचाल, शिव व भीम सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।
---फोटो 5 : बिरजू पहलवान का स्वागत करते लोग।
---फोटो 10 : पाकिस्तान के इस पहलवान को हराया है बिरजू पहलवान ने।
बिरजू पहलवान ने पाकिस्तान के पहलवान को दो मिनट में चटाई धूल
- बहादुरगढ़ में हुआ पहलवान बिरजू का जोरदार स्वागत