जिले की नहरों में 30 तक चलेगा पानी
चरखी दादरी।
जिले की नहरों में 30 नवंबर तक पानी चलेगा। पिछले एक माह से पानी लगातार चलने से शहर के अलावा गांवों में स्थित जलघरों में पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचा है। रबी सीजन में इस समय गेहूं की बिजाई का काम चल रहा है ऐसे में किसानों को नहरी पानी इस बार पर्याप्त मात्रा में मिलने से बिजाई का कार्य समय पर पूरा होने की उम्मीद है। गेहूं की अगेती बिजाई का समय 25 नवंबर तक माना जाता है। इसके बाद पछेती बिजाई की जा सकेगी।
मेन लोहारू नहर में इस समय 525 क्यूसेक पानी चल रहा है। वहीं बधवाना डिस्टीब्यूटरी में मात्र 61 क्यूसेक पानी चल रहा है जबकि इस नहर की क्षमता 172 क्यूसेक है। इस नहर का पंप खराब होने से पानी का उठान ठीक प्रकार से नहीं हो पा रहा है। इससे इस नहर का पानी टेल तक नहीं पहुंच पा रहा है। इस नहर से गोठड़ा माइनर में भी पानी जाता है लेकिन इस माइनर में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गोठड़ा माइनर से गांव महराणा के जोहड़ में पानी डाला जाता है। गांव महराणा निवासी राजेंद्र सिंह, भीम सिंह व शमशेर सिंह ने बताया कि जोहड़ में पानी न आने से उन्हें ट्यूबवेल आदि के जरिए जोहड़ में पानी डालना पड़ता है। पशुपालकों को काफी परेशानी हो रही है। इसकी शिकायत सीएम विंडो पर भी दर्ज करवाई जा चुकी है।