प्रदेश सरकार ने आधार कार्ड को लेकर एक और बड़ा ऐलान करने के साथ गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने गैस कनेक्शन के लिए राशन कार्ड की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है और इसी के साथ ही आधार कार्ड के आधार पर गैस कनेक्शन देने को हरी झंडी दे दी है। सरकार के इस कदम से संयुक्त परिवारों को फायदा होने की उम्मीद जगी है। अभी तक की व्यवस्था के अनुसार संयुक्त परिवार में एक ही गैस कनेक्शन दिया जाता था। इसके चलते अगर आठ-दस सदस्यों का एक परिवार होता था तो उसका गुजारा एक गैस कनेक्शन से नहीं चलता था। इसके चलते एक सिलेंडर खत्म होने के बाद उन्हें मजबूरीवश ब्लैक में या किसी अन्य की कॉपी से सिलेंडर लेना पड़ता था। लेकिन अब नई व्यवस्था के चलते परिवार में शामिल कई लोग अपने आधार-कार्ड के जरिए अपना अलग-अलग कनेक्शन भी ले सकेंगे। अपने आधार कार्ड के साथ-साथ उन्हें एक और आईडी प्रूफ की कॉपी उपलब्ध करवानी होगी। पहले राशन कार्ड होना अनिवार्य था। राशन कार्ड में जितने लोगों का नाम दर्ज होता था, वो दूसरा कनेक्शन तब तक नहीं ले सकते थे, जब तक उनका अलग राशन कार्ड नहीं बन जाता था। अब इसकी जरूरत नहीं रहेगी।
केवाईसी फार्म के साथ देना होगा एफिडेविट
उपभोक्ताओं को नया कनेक्शन लेने के लिए अपना आधार कार्ड, एक अन्य आईडी प्रूफ की कॉपी के साथ एक केवाईसी फार्म भरकर देना होगा। इसके अलावा एक एफिडेविट भी आवेदन के साथ देना होगा कि उनके परिवार में एक कनेक्शन से पूरा नहीं पड़ता, इसलिए उन्हें दूसरा कनेक्शन चाहिए। इसमें सदस्यों को ये भी बताना होगा कि जिस मकान में रह रहे हैं, उसका एक अलग फ्लोर भी है। इसमें परिवार के कई सदस्य रहते हैं। ज्यादातर गैस एजेंसी संचालक दूसरी आईडी प्रूफ में उपभोक्ताओं की बैंक पासबुक मांग रहे हैं ताकि नए उपभोक्ताओं की बैंक डिटेल भी साथ ही मिल सके।
जिले में 15 गैस एजेंसियां, तीन लाख उपभोक्ता
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार झज्जर जिले में अब 15 गैस एजेंसियां हैं। औपचारिक आंकड़ों के अनुसार पूरे जिले में स्थित इन एजेंसियों पर करीब 3 लाख उपभोक्ता पंजीकृत हो चुके हैं। सरकार द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 26 हजार कनेक्शन जिले में दिए गए हैं। राशन कार्ड की अनिवार्यता खत्म करने एवं आधार कार्ड आधारित गैस कनेक्शन को मंजूरी से एजेंसी संचालकों को भी राहत मिली है।
वर्जन
अब आधार कार्ड के आधार पर एक ही परिवार के एक से अधिक लोग भी गैस कनेक्शन ले सकेंगे। इसके लिए राशन कार्ड की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है लेकिन उपभोक्ता को एक अन्य आईडी प्रूफ एवं एफिडेविट अवश्य देना होगा।
-अशोक शर्मा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, झज्जर।
अब आधार नंबर से भी मिलेगा गैस कनेक्शन, राशन कार्ड की नहीं जरूरत
-संयुक्त परिवार के कई सदस्य अपने नाम से ले सकेंगे गैस कनेक्शन
-झज्जर जिले में तकरीबन तीन लाख गैस कनेक्शन, अब नई पहल के बाद बढ़ सकती है संख्या
अमर उजाला ब्यूरो
फोटो संख्या-5