पोस्टर मेकिंग दिया नशामुक्ति का संदेश
चरखी दादरी।
गांव असावरी स्थित डीएसएम पब्लिक स्कूल में शनिवार को नशामुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों ने पोस्टर बनाकर ‘नशे को ना, जीवन को हां’ का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय निदेशक अरुण सांगवान ने कहा कि नशा मनुष्य की विवेक शक्ति को कम करता है। इसके अलावा शारीरिक और मानसिक कमजोरी का कारण बनता है। उन्होंने कहा युवाओं में देश प्रेम, अच्छी शिक्षा, समाज और अच्छे कार्य करने का नशा होना चाहिए। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में भगत सिंह सदन से कल्पना प्रथम रही। तमन्ना व साक्षी ने क्रमश: दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में अब्दुल कलाम सदन से अंकिता प्रथम तथा छाया व प्रिंस ने क्रमश: द्वितीय व तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुखबीर सांगवान ने विजेता छात्रों को बधाई दी। इस मौके पर डीएसएम शिक्षा समिति सचिव अजय सांगवान, उपप्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह, सुमित, रामनारायण आदि सहित शिक्षक उपस्थित थे।