लाइन लॉस के मुताबिक फिर लगेंगे आठों फीडरों पर पावर कट
छह फीडरों को दो माह पहले ही बिजली निगम ने किया था पावर कटों से मुक्त, बुधवार को नया सर्कुलर पहुंचते ही अधिकारियों ने लगाए चार घंटे के कट 25 से 35 प्रतिशत तक चल रहा सभी फीडरों पर इस समय लाइन लॉस, वाटर वर्क्स फीडर पर नहीं लगाएगा बिजली निगम पावर कट
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
बिजली फीडर के लाइन लॉस के मुताबिक अब उपभोक्ताओं को फिर से पावर कटों का सामना करना पड़ेगा। स्थानीय बिजली निगम कार्यालय में हेड ऑफिस से जारी हुआ नया सर्कुलर पहुंच चुका है। इसके मुताबिक ही बुधवार को शहर के सभी आठों फीडरों पर 20 घंटे बिजली सप्लाई की गई। करीब दो माह पहले ही निगम अधिकारियों ने शहरी छह फीडरों को पावर कट मुक्त किया था जबकि दो फीडरों पर केवल एक-एक घंटे के बिजली कट लगाए जा रहे थे। इस समय शहर का औसतन लाइन लॉस करीब 32 प्रतिशत है। नए सर्कुलर के मुताबिक वाटर वर्क्स फीडर पर जीरो पावर कट रहेगा।
बिजली निगम का लाइन लॉस को नीचे लाने का सर्कुलर फिर से नियमित बिल की अदायगी करने वाले उपभोक्ताओं के गले की फांस बनने जा रहा है। करीब चार माह पहले की प्लानिंग के अनुसार निगम अधिकारी दोबारा से शहर में पावर कटों का खेल शुरू करने जा रहे हैं। इसके मुताबिक जिस फीडर पर जितना अधिक लाइन लॉस होगा, उस पर निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक पावर कट लगाया जाएगा। आला अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय निगम अधिकारी ने पूरे शहर में लगने वाले बिजली कटों का खाका तैयार कर लिया है। बुधवार से ही इस योजना को धरातल पर शुरू कर दिया है। निगम अधिकारी की मानें तो पावर कट लगाने में कोताही बरतने वाले कर्मचारी पर भी गाज गिर सकती है। आला अधिकारी स्वयं पावर कटों की मानीटरिंग करेंगे। वहीं, निगम के इस फरमान से नियमित बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को परेशानियां फिर से उठानी पड़ेंगी। शहरी उपभोक्ताओं को निगम कि यह प्लानिंग रास नहीं आई है। जिस लिहाज से शहर के सभी फीडरों में लाइनलॉस है उससे तो अब शहर में बिजली संकट दोबारा से गहराना तय है। निगम की इस प्लानिंग के तहत दिन भर में दो से लेकर आठ घंटे तक के पावर कट शामिल हैं। जानकारी के अनुसार शहर के मुख्य आठों फीडरों पर इस समय लाइनलॉस 25 से 35 प्रतिशत के बीच है जबकि वाटर वर्क्स फीडर पर लाइनलॉस न के बराबर है। निगम के आलाधिकारियों ने वर्ष 2017-2018 तक लाइनलॉस 20 प्रतिशत लाने की योजना तैयार की है। इसके लिए पावर कट लगाने के निर्देश सभी एक्सईएन को बुधवार को दोबारा से दे दिए गए हैं। दादरी शहर में अकेले सामान्य फीडर ही नहीं बल्कि अधिकारियों के क्वार्टरों तक बिजली पहुंचाने वाले फीडर में लाइन लॉस अन्य फीडरों की तरह ही है। इन हालातों को देखकर सरकार की बिजली चोरी रोकने की योजना फिलहाल तो पूर्ण रूप से सिरे चढ़ती नजर नहीं आ रही। आम उपभोक्ता से पहले तो निगम को इन पर शिकंजा कसने की भी कवायद शुरू करनी होगी।
550 कुंडीमार पकड़े, चार करोड़ से अधिक का जुर्माना
निगम की नई प्लानिंग के तहत शहर के आठों फीडरों पर अब पावर कट लगाए जाएंगे। इन पावर कटों का समय भी निश्चित रहेगा। पिछले सात माह की बात करें तो निगम ने 550 बिजली चोरों को पकड़ा है। इन पर करीब चार करोड़ से अधिक का जुर्माना ठोका गया है। अकेले जुलाई माह में एक करोड़ से अधिक की बिजली चोरी पकड़ी जा चुकी है। निगम की सख्ती के बाद 10 प्रतिशत लाइन लॅास कम भी हुआ है ।
सुबह, दोपहर व शाम को लगेंगे कट
शहर के आठों फीडरों पर इस समय लाइन लॉस 25 से 32 प्रतिशत के बीच है। इन सभी फीडरों पर आला अधिकारियों के मुताबिक 24 घंटों में से चार-चार घंटे के पावर कट लगाए जाएंगे। एक्सईएन भागीरथ लोढा ने बताया कि सभी फीडरों पर सुबह नौ से दस बजे, दोपहर एक से तीन बजे और शाम को आठ से नौ बजे तक पावर कट लगाए जाएंगे। इस बारे में संबंधित शाखा को दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।
किस फीडर पर कितना चल रहा लाइन लॉस
फीडर लाइन लॉस
महेंद्रगढ़ रोड 30.05
घिकाड़ा बाईपास 35.22
घिकाड़ा रोड 35.11
दादरी सिटी 34.57
बस स्टैंड रोड 36.00
दादरी अर्बन 38.74
रावलधी फीडर 40.07
चिड़िया रोड 26.00
वर्जन:
नए शेड्यूल के मुताबिक अब शहर के आठों फीडरों पर दिन में तीन बार पावर कट लगेंगे। सुबह नौ से दस, दोपहर को एक से तीन व शाम को आठ से नौ बजे तक पावर कट लगाए जाएंगे। अधिकारियों के निर्देश बुधवार को ही मिले हैं, इससे पहले हम छह फीडरों पर जीरो पावर कट लगा रहे थे। - विक्रम परमार, एसडीओ, बिजली निगम
फोटो 16
रेलवे रोड स्थित मुखफ्य सब स्टेशन में पावर कट लगाता निगम कर्मचारी।
फोटो 17
शहर के मुख्य सब स्टेशन का पावर ग्रिड।