जीता हुआ स्वर्ण पदक दिखाते नान्हा पहलवान।
बहादुरगढ़। राज्य सरकार द्वारा रविवार को गुरुग्राम में आयोजित गुरुग्राम मैराथन माई सिटी माई रन-2024 में बहादुरगढ़ के गांव निलोठी के निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग जय सिंह उर्फ नान्हा पहलवान का जलवा रहा। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की 10 किलोमीटर लंबी मैराथन में स्वर्ण पदक जीता। जीतकर लौटे नान्हा पहलवान को खेल प्रेमियों ने बधाई दी। नान्हा पहलवान ने बताया कि गुरुग्राम मैराथन में वरिष्ठ नागरिकों ने भी काफी संख्या में उत्साह के साथ भाग लिया। हालांकि वरिष्ठ नागरिकों की 10 किलोमीटर के मुकाबले पांच किलोमीटर दौड़ में प्रतिभागियों की संख्या अधिक रही। निलोठी निवासी जय सिंह उर्फ नान्हा पहलवान ने 10 किलोमीटर की दूसरी एक घंटा 20 मिनट में पूरी करते स्वर्ण पदक जीता। पैदल चाल के भीम अवार्ड से सम्मानित खिलाड़ी चरण सिंह राठी व कई अन्य खेल प्रेमियों ने जयसिंह को बधाई दी है। राठी ने कहा कि नान्हा पहलवान जैसे बुजुर्गों से युवाओं को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। इससे पहले नान्हा पहलवान 42 किलोमीटर की दूरी छह घंटे में पूरी कर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुके हैं।