झज्जर। कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या दो दिन बाद फिर से बढ़ गई हैं। जिले में कोरोना के 63 संक्रमित मिले हैं। इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य विभाग भी हैरान है। लगातार केस मिलने के बावजूद भी लोग एहतियात नहीं बरत रहे हैं। अस्पताल में भी बिना मास्क के पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि यदि लोगों ने एहतियात नहीं बरती तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
रविवार व सोमवार को जिले में कोरोना के 5-5 कोरोना के संक्रमित मिले थे । मंगलवार को अब तक के सबसे अधिक 63 नए संक्रमित मिले हैं। एक तरफ कोरोना संक्रमण के मरीज बढ़ रहें हैं। सार्वजनिक स्थानों पर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। लोग मास्क और शारीरिक दूरी तक का पालन भूल चुके हैं। वहीं 41 लोग ठीक भी हुए हैं। जिले में 95 कोरोना संक्रमण के सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 84 को स्वास्थ्य विभाग की टीमों की तरफ से होम आइसोलेशन में इलाज मुहैया कराया जा रहा है। 11 लोगों को सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक को सरकारी और 10 का निजि अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विभाग की तरफ से वीरवार को 279 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इनकी बुधवार को बहादुरगढ़ की प्रयोगशाला में जांच की जाएगी। जिले में कोरोना संक्रमण को लेकर कहीं भी लोग नियमों का पालन नहीं हो रहा है। उसके बाद भी प्रशासन किसी प्रकार की सख्ती नहीं बरत रहा है। स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन की तरफ से बार-बार एडवाईजरी जारी की जा रही हे। उसके बाद भी लोग इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वर्जन
जिले में कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। संक्रमण से सावधानी ही बचाव है। लोग पूरी तरह से कोराना संक्रमण से बचाव के लिए नियमों का पालन करें। मंगलवार को 63 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
- डॉ ब्रह्मदीप, सिविल सर्जन, झज्जर।