अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। जिले की पांचों अनाज मंडियों में 28 मार्च सरसों की सरकारी खरीद से शुरू होगी। सरसों की खरीद के लिए हैफेड और मार्केट कमेटी ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। वीरवार की सुबह सरसों की खरीद शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए प्रशासन की ओर से गांवों के हिसाब से शेड्यूल जारी किया जा चुका है। पांचों अनाज मंडियों में हैफेड, सहकारी समिति व मार्केट कमेटी की तरफ से कर्मचारियों की ड्यूटियां भी लगा दी गई है। सरकार के नियमानुसार साढ़े छह क्विंटल प्रति एकड़ व अधिकतम 25 क्विंटल सरसों एक किसान से एक दिन में खरीदी जाएगी। झज्जर की अनाज मंडी में सरसों की आवक शुरू हो चुकी है। बुधवार शाम तक करीब 1500 क्विंटल सरसों की आवक हो चुकी थी। वहीं दूसरी ओर आढ़ती भी अपनी मांगों को लेकर कृषि मंत्री ओपी धनखड़ से मिले और कहा कि सरसों की खरीद के लिए जारी शेड्यूल की बजाये किसी भी दिन किसी भी गांव के किसानों को सरसों बेचने के लिए छूट दी जाए ताकि सरसों की खरीद जल्दी हो सके और किसानों को अपनी बारी का इंतजार न करना पड़। आढ़तियों ने मंत्री से कहा कि अब मौसम खराब चल रहा है। किसानों को अपनी फसल निकालने के साथ ही उसे बेचने की जल्दी रहेगी और शेड्यूल के अनुसार सरसों की खरीद की गई तो किसानों का फसल निकालने के बाद पहले तो घर में डालनी होगी और जिस दिन उनके गांव का नंबर आएगा उस समय तक
उन्हें इंतजार कर दोबारा से मेहनत कर सरसों को मंडियों में पहुंचाना होगा। कृषि मंत्री ने उनकी समस्या का समाधान करने के लिए आश्वासन दिया है।
सरसों बेचने के किसान साथ लेकर आए दस्तावेज
किसान अपनी सरसों बेचने के लिए अपने दस्तावेज अपने साथ अवश्य लाएं जैसे गिरदावरी की कॉपी जो कि हलका पटवारी द्वारा प्रमाणित हो व इसमें खाता, खतौनी न बर के साथ यह भी दर्शाया गया हो कि किसान ने अपनी जमीन में कितनी सरसों की बिजाई की है। बैंक खाता न बर की फोटो प्रति आईएफएससी कोड सहित, बैंक का नाम अपने साथ लाएं ताकि सरसों का भुगतान उनके खाते में भेजा जा सके। पहचान के लिए किसान अपना स्वयं
सत्यापित आधार कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड, वोटर कार्ड आदि की फोटो प्रति साथ लानी होगी।
आठ फीसद से अधिक नमी वाली सरसों की नहीं होगी खरीद
सरकार की तरफ से सरसों की खरीद के लिए आवश्यक नियम भी निर्धारित किये हैं। किसान अपनी सरसों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही खरीद केंद्र पर लाए अन्यथा खरीद नहीं की जाएगी। केवल पंजीकृत किसानों से ही सरसों की फसल की खरीद की जाएगी। सरसों में नमी की मात्रा 8 प्रतिशत से ज्यादा न हो। कच्चा झुरीदार व
अविकिसित 4 प्रतिशत, अशुद्घता व घुन 2 प्रतिशत, दूसरे बीजों के साथ मिलावट सहित 10 प्रतिशत व छोटे कृश बीज 10 प्रतिशत से ज्यादा न हो। इन नियमों पर खरी उतरने वाली सरसों की ही खरीद की जाएगी।
आज इन गांवों की सरसों की होगी खरीद
वीरवार को बहादुरगढ़ अनाज मंडी में गांव सराय औरंगाबाद, मातनहेल अनाज मंडी में गांव आजाद नगर व शाजहांपुर, बेरी अनाज मंडी में गांव बाकरा, ढाकला अनाज मंडी में गांव निवादा, झज्जर अनाज मंडी में गांव
असदपुर खेड़ा गांव केे किसानों की सरसों की खरीद की जाएगी। अनाज मंडियों में आज से सरसों की खरीद का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बारदाना मंडियों में भेज दिया गया है। कर्मचारियों की ड्यूटियां भी लगा दी गई हैं। वेयर हाउस को लिंकेज प्लान दे दिया गया है। ट्रांसपोर्टर को भी गाड़ियां तैयार रखने का कहा गया है। ताकि भंडारण कार्य साथ साथ हो सके।
देवेंद्र सिंह, डीएम हैफेड, रोहतक।
गांवों के शेड्यूल को लेकर कृषि मंत्री से मिले थे। किसी भी गांव के किसानों को किसी भी दिन फसल बेचने के लिए आने की छूट देने की मांग की गई है।
चांद सिंह पहलवान, प्रधान अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन, झज्जर।