अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। जकार्ता से गोल्ड मेडल लेकर शनिवार रात गांव बलाली लौटी गोल्डन गर्ल विनेश फौगाट को रविवार सुबह शहर के रोज गार्डन में फौगाट और सांगवान खाप ने सम्मानित किया। विनेश के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में राजनैतिक दलों के नेताओं ने भी शिरकत की लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। समारोह खत्म होने पर विनेश के चाचा सज्जन बलाली ने इस नजरअंदाजी पर निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा कि हमारे परिवार का राजनैतिक दल से जुड़ाव है और इसके चलते ही सरकार व प्रशासन विनेश की कामयाबी को नजरअंदाज कर रहा है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर पहले कोई वेलकम के लिए सरकार का मंत्री नहीं पहुंचा और शहर में आयोजित सम्मान समारोह से प्रशासनिक अधिकारी नदारद रहे।
बता दें कि पहलवान द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर फौगाट का परिवार इनेलो से पिछले लंबे समय से जुड़ा है। शनिवार को विनेश के लौटने पर इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप देशवाल एयरपोर्ट पर पहुंचे थे।
रोज गार्डन में रविवार सुबह फौगाट व सांगवान खाप के संयुक्त तत्वाधान में समारोह आयोजित किया गया। विनेश फौगाट समारोह में करीब 12 बजे पहुंचीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता खाप फौगाट प्रधान रामदास फौगाट ने की जबकि इसमें सांगवान खाप प्रधान सोमबीर सांगवान, सचिव नरसिंह डीपी सहित फौगाट खाप के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश सचिव अजीत फौगाट, कांग्रेस नेता बलजीत फौगाट, इनेलो जिला अध्यक्ष नरेश द्वारका, इनेलो बुद्घिजीवी प्रकोष्ठ से विजय सांगवान मंदोला ने शिरकत की। सांगवान खाप कन्नी प्रधान सूरजभान, फौगाट खाप से शमशेर खातीवास, उप-प्रधान धर्मपाल महराणा, सह-सचिव सुरेश फौगाट, सहजराम नंबरदार, रामसिंह बलकरा, सचिव बलवंत नंबरदार, कोषाध्यक्ष राजबीर टिकाण, सरपंच सुदर्शन फौगाट और सुरेंद्र ने खाप की तरफ से सम्मानित किया। इस दौरान मौके पर क्षेत्र के अन्य लोगों ने भी विनेश को आशीर्वाद दिया। खाप प्रधान सोमबीर सांगवान ने कहा कि विनेश ने एशियाई खेलों में गोल्ड जीतकर जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है। वहीं, सचिव नरसिंह डीपी ने कहा कि विनेश ने पदक जीतकर विश्व में भारत की, भारत में हरियाणा की और हरियाणा में चरखी दादरी जिले का मान बढ़ाया है।
कमियों को दूर कर सिल्वर को बदला गोल्ड में
विनेश फौगाट ने कहा कि ओलंपिक में चीन की पहलवान सुनियान से बाउट के दौरान उसे चोट लगी थी और इसके अलावा प्रो-रेसलिंग लीग में भी सुनियान ने उन्हें हराया था। इस हार से उसने सीखा और अपनी कमियों का पता लगाया। इसके बाद इन कमियों को अभ्यास के जरिए दूर किया और इसका फायदा ही उसे एशियाई खेलों में मिला। विनेश ने कहा कि पहले भी वह दो बार एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल ही जीत पाईं थीं लेकिन इस बार वह सिल्वर को गोल्ड में बदलने में कामयाब हो गईं।
मां को बेटी पर नाज, ओलंपिक पदक की आस
सम्मान समारोह में विनेश की मां प्रेमलता को भी खापों की तरफ से सम्मानित किया गया। विनेश की उपलब्धि पर प्रेमलता ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि विनेश की उपलब्धि पर उन्हें नाज है लेकिन अभी ओलंपिक में पदक की आस उससे है। उन्होंने कहा कि विनेश अगले ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर देश का मान अवश्य बढ़ाएगी।
शादी निजी फैसला, सरकार और प्रशासन की नजरअंदाजी समझ से परे : सज्जन बलाली
विनेश के चाचा सज्जन बलाली ने शादी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि ये परिवार का निजी मसला है और शादी की डेट दोनों परिवार आपस में बैठकर निकाल लेंगे और इसकी जानकारी बाद में मीडिया को दे दी जाएगी। उन्होंने दुख जाहिर करते हुए कहा कि गोल्ड मेडल विजेता के सम्मान में सरकार व प्रशासन की नजरअंदाजी खिलाड़ियों की समझ से परे हैं।
इन्होंने भी किया सम्मानित
विनेश फौगाट को चरखी दादरी व्यापार मंडल प्रधान रविंद्र गुप्ता, व्यापार मंडल झोझू, वैश्य एजुकेशन सोसायटी से विष्णु कुमार मित्तल, रिटायर्ड बीईओ प्रभुराम गोदारा, ढाणी फौगाट सरपंच मंदीप, चरखी पूर्व सरपंच जोरावर सिंह, दीपचंद पटवारी, रामनगर सरपंच राजीव, बैंक मैनेजर राजपाल, पूर्व सरपंच ढाणी फौगाट कला सिंह, पूर्व सरपंच कैलाश पालड़ी, महावीर फौगाट विवेकानंद हाई स्कूल, अजीत फौगाट और बलजीत फौगाट ने भी सम्मानित किया।