अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
प्रदेश सहित पूरे देशभर में भाजपा द्वारा वीरवार को किए गए उपवास पर प्रदेश की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि आज तक विपक्ष को तो उपवास करते हुए देखा गया है। लेकिन ऐसा इतिहास में पहली बार हुआ है जब सत्ताधारी लोग अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए उपवास रखने का ढोंग रच रहे हैं। अपने निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं के रूबरू होने के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए भुक्कल ने कहा कि दो दिन पहले जब देशभर में कांग्रेस ने शांति व सौहार्द के लिए उपवास कार्यक्रम रखे थे तो भाजपाइयों ने इसका मजाक उड़ाया था। लेकिन अब कांग्रेस के उपवास का मजाक उड़ाने वाले स्वयं ही उपवास रखकर मजाक का पात्र बन गए हैं। कल तक भाजपाई कहते थे कि कांग्रेस ने पाप किए होंगे इसलिए उपवास पर बैठे हैं। लेकिन अब उन्हीं भाजपाइयों को ही जवाब देना चाहिए कि दो दिनों के भीतर भाजपा ने ऐसे कौन से पाप कर दिए कि उन्हें उपवास पर बैठना पड़ा।
सरकार की खेल नीति के बदलाव पर भुक्कल ने कहा कि जब से हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी है तब से बदलाव ही चल रहा है। कभी किसी योजना का नाम बदला जाता है तो कभी किसी का। उन्होंने कहा कि सरकार की खेल नीति का इसी बात से पता चलता है कि खेल नीति में बदलाव पर सीएम अपना अलग पक्ष रख रहे हैं और उनके खेल मंत्री व खेल अधिकारी अलग तरीके से अपना पक्ष रखकर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही भाजपा
सरकारी भर्ती में हुई गड़बड़ी पर प्रहार करते हुए भुक्कल ने कहा कि रोजगार देने की बजाय युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम भाजपा सरकार कर रही है। इस मौके पर उनके साथ सांसद दीपेन्द्र हुड्डा के मीडिया प्रभारी एडवोकेट विकास अहलावत, जय प्रकाश कादियान, सुनील जाखड़ सहित अन्य कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।