फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वच्छता सर्वे 6 दिन शेष: गंदगी से अंटे पड़े हैं नाले, कैसे मिलेगी बढ़िया रैंकिंग

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

झज्जर।
स्वच्छता सर्वे के लिए प्रशासन के द्वारा की गई कोई भी तैयारी धरातल पर नजर नहीं आ रही है। ऐसे में हम कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि हमारा झज्जर स्वच्छ शहरों की रैंकिंग में अच्छे स्थान पर आ पाएगा। शहर के मुख्य बाजारों व दूसरे स्थानों पर नाले इस समय गंदगी से अंटे पड़े हैं, जिनकी सफाई के लिए नपा के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। नालों के जाम होने की वजह से गंदा पानी सड़कों पर आ रहा है। इसके चलते लोगों को परेशानी तो उठानी पड़ ही रही है, साथ में स्वच्छता में नंबर वन बनने के सपने को भी पलीता लग रहा है। अमर उजाला टीम ने स्वच्छता की दृष्टि से शहर का दौरा किया सामने आया कि शहर के काफी स्थानों पर हालत दयनीय है।

यहां पर है ज्यादा समस्या
शहर में नाले जाम होने की समस्या तो काफी जगहों पर हैं लेकिन सबसे अधिक समस्या जहांआरा बाग स्टेडियम, श्रीराम शर्मा पार्क, छिक्कारा चौक, बेरी गेट, प्रसाद गिरी मंदिर, माता गेट के आसपास नाले पूरी तरह से जाम हैं। स्वच्छता सर्वे में टीम के द्वारा स्वच्छता की दृष्टि से हर बिंदु के अंक दिए जाएंगें। अब शहर की सड़कों पर भले ही सफाई करवा दी जाए लेकिन नाले जाम मिले तो भी शहर स्वच्छता सर्वे में पिछड़ सकता है।
विज्ञापन


बरसाती सीजन किए थे 15 लाख खर्च
नगर पालिका के द्वारा बरसाती सीजन में नालों की सफाई के लिए अभियान चलाया गया था। नपा के द्वारा तीन माह तक नालों की रूटीन सफाई करवाई गई थी। जिस पर नपा ने हर माह करीब 5 लाख रुपये खर्च किए थे। बरसाती सीजन खत्म होते ही नपा के द्वारा नालों की सफाई का कार्य रोक दिया गया। जिसके चलते अब ये नाले फिर से गंदगी के कारण जाम हो गए हैं।

काफी समय पहले लेना चाहिए था संज्ञान : यादव
वार्ड-7 से पार्षद व्याख्या दिनेश यादव का कहना है कि नपा को इस मामले में काफी पहले संज्ञान लेना चाहिए था। नपा के द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण में छह दिन शेष रहने पर भी कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहा है, जिसके दम पर झज्जर शहर रैंकिंग में सुधार ला सके। नपा अधिकारियों को चाहिए कि वो शहर के लोगों के साथ सेमिनार कर शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए अभियान चलाएं।

वर्जन
नालों की सफाई जल्द ही करवा दी जाएगी। स्वच्छता रैंकिंग के लिए उन्होंने प्रयास करने शुरू कर दिए हैं। शहर वासियों को जोड़ने के लिए पार्कों व पार्षदों के माध्यम से अभियान छेड़ा जाएगा।
विज्ञापन

- नरेंद्र सैनी, नपा सचिव, झज्जर।

नपा का गुड वर्क : पेट्रोल पंप शौचालय होंगे अब सार्वजनिक
शहर के सभी पेट्रोल पंपों के शौचालायों को अब जनता के लिए सार्वजनिक कर दिया गया है। पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के द्वारा यह फैसला नपा अधिकारियों के साथ हुई मीटिंग में लिया गया। नपा अधिकारियों ने स्वच्छता सर्वे को लेकर पेट्रोल पंप मालिकों से मुलाकात की थी। जिसके बाद नपा की सीमा में आने वाले 8 पेट्रोल पंप मालिकों ने आश्वस्त कर दिया है कि वे अपने पंप के शौचालय को सार्वजनिक घोषित कर रहे हैं। पूर्व में पंप के शौचालय का प्रयोग केवल उनके ग्राहक ही कर सकते थे लेकिन अब शहर के पंप पर बने शौचालय का प्रयोग आमजन भी कर सकेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें