ट्रैफिक पुलिस द्वारा पटाखा बजाने के आरोप में इंपाउंड की गईं बुलेट बाइकें। संवाद
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। अब शहर में सड़कों पर बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे छोड़ने वाले चालकों की खैर नहीं है। ऐसे चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ दिया है। वीरवार को पहले ही दिन ट्रैफिक पुलिस ने शहर में विभिन्न स्थानों से 6 बुलेट मोटरसाइकिल को पकड़ा है, जिनके चालक सरेआम पटाखा बजा रहे थे। पुलिस ने सभी मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए ढाई लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।
यातायात थाना प्रबंधक बहादुरगढ़ निरीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल के आदेशानुसार पुलिस ने नियमों का पालन सुनिश्चित करने और पटाखा बजाते बुलेट बाइक पर अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाले मार्गों में बुलेट बाइक के पटाखे के कारण आमजन को होने वाली परेशानी से निजात दिलाने के लिए मोटरसाइकिल को जब्त करने के विभागीय कार्रवाई की जा रही है। आमजन से भी इसके बारे में पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा। एसपी राजेश ने पटाखा बजाते बाइकों को जब्त करने और पटाखा बजाने वाले विशेष उपकरण लगाने का काम करने वाले मिस्त्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए कहा है।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से मोटरसाइकिलों की चेकिंग की जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पटाखा बजाते पकड़े गए 6 बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया है। प्रत्येक बाइक पर 34 हजार से लेकर 44 हजार रुपये तक का जुर्माना किया गया। सभी मोटरसाइकिलों पर करीब ढाई लाख रुपये का जुर्माना किया गया है।
-देवेंद्र कुमार, यातायात प्रबंधक, बहादुरगढ़।