हाफ मैराथन में 70 साल के रामफल ने जीता गोल्ड
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आईडीबीआई लाइफ इंश्योरेंस के तत्वाधान में आयोजित 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में कमोद निवासी बुजुर्ग धावक रामफल ने गोल्ड मेडल जीता है। पदक विजेता का गांव लौटने पर ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। सरपंच सुदर्शन ने बताया कि 24 फरवरी को आयोजित स्पर्धा में गांव कमोद निवासी 70 वर्षीय धावक रामफल ने भी भाग लिया था। उन्होंने बताया कि इस स्पर्धा में 25 हजार से अधिक धावक शामिल हुए थे। बुजुर्ग रामफल ने एक घंटा 57 मिनट में 21 किमी की दौड़ पूरी कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग धावक की उपलब्धि से गांव में खुशी की लहर है। इससे पहले भी रामफल विभिन्न दौड़ स्पर्धाओं में पदक जीतकर क्षेत्र व प्रदेश के नाम को रोशन कर चुका है।