बादली। दो दिन पहले दिल्ली के द्वारका क्षेत्र से चोरी की गई वैगनआर कार उपमंडल बादली के गांव लोहट में पाई गई है। बुधवार को आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने कार उसके मालिक को सौंप दी।
बुधवार की सुबह गांव लोहट के लोग टहलने के लिए निकले थे। किसी ग्रामीण की नजर सड़क किनारे खड़ी एक कार पर पड़ी। उसकी नंबर प्लेट भी गायब थी। मामला संदिग्ध नजर आता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान पाया गया कि यह कार दिल्ली में महिला सीआरपीएफ बटालियन में तैनात रुचिका की है। द्वारका से उसकी गाड़ी चोरी हुई थी। पुलिस ने गाड़ी मालिक को गाड़ी बरामद होने की जानकारी दी। दिल्ली के द्वारका से गाड़ी मालिक रुचिका के परिजन मौके पर पहुंचे। बादली पुलिस ने पूछताछ व आवश्यक कार्रवाई के बाद गाड़ी उनके हवाले कर दी। रुचिका ने कहा कि गाड़ी चोरी होने की शिकायत उसने द्वारका थाने में दे रखी है। पुलिस जांच में जुटी है कि कहीं इस गाड़ी का चोरों ने गलत इस्तेमाल तो नहीं किया है।