चरखी दादरी। रोडवेज विभाग पार्ट-टू के तहत लगाए जाने वाले परिचालकों की भर्ती सामान्य की बजाय कैटेगरी के आधार पर करेगा। हर कैटेगरी का कोटा प्रदेश सरकार ने निर्धारित कर दिया है। प्रदेश के सभी डिपो में 13 कैटेगरी में 336 नए परिचालक भर्ती किए जाएंगे। इसी कड़ी में चरखी दादरी डिपो में भी 37 नए परिचालक भर्ती किए जाएंगे। करीब दो सप्ताह से रोडवेज के पास चालक और परिचालकों की भारी कमी बनी हुई है। व्यवस्था के तौर पर पार्ट-1 पॉलिसी के तहत 100 चालक ठेकेदार के माध्यम से भर्ती किए हैं। इन्हें अब बसें चलाने के लिए दी गई हैं। चरखी दादरी डिपो में लगाए 100 चालकों में से 15 को लोहारू सब डिपो में बसों के संचालन के लिए भेजा गया है। वहीं, पार्ट-टू के तहत भर्ती किए जाने वाले परिचालकों की सूची सोमवार को भी जारी नहीं हो पाई। रोडवेज सूत्रों की मानें तो भर्ती प्रक्रिया में प्रदेश सरकार ने फेरबदल किया है। पहले यह भर्ती बिना कैटेगरी के सामान्य ढंग से होनी थी लेकिन अब मंजूर पोस्ट को 13 कैटेगरी में बांटा गया है। इस संबंध में रविवार शाम की डिपो अधिकारियों के पास सरकार का आदेश पत्र पहुंच चुका है। यह प्रक्रिया सभी 24 डिपो में लागू होगी और इसके तहत ही 336 परिचालकों की भर्ती की जाएगी। चरखी दादरी डिपो में महज 37 नए परिचालक भर्ती होंगे। डिपो में जरनल कैटेगरी की 14, ईपीबी की चार, एससी की छह, बीसी-ए की पांच, बीसी-बी की तीन, ईएसएमजी की दो, ईएसएमएसी की एक, ईएसएमबीसी-ए की एक, ईएसएमबीसी-बी की एक, ओएसपी जरनल की एक, ओएसपी एससी की एक और ओएसपी बीसी-बी की एक सीट निर्धारित की गई है। इसके अनुसार ही अब नए सिरे से सूची तैयार कर चस्पा की जाएगी। विभागीय सूत्रों की मानें तो मंगलवार शाम तक बस स्टैंड परिसर पर पार्ट-टू के तहत लगाए जाने वाले परिचालकों की सूची चस्पा कर दी जाएगी। दूसरी तरफ रोडवेज कर्मियों की हड़ताल 14वें दिन में सोमवार को प्रवेश कर गई। करीब साढ़े 550 कर्मचारी हड़ताल में शामिल होने से व्यवस्थाएं गड़बड़ाई हुई हैं। अधिकारी जैसे-तैसे व्यवस्था कर बसों को रवाना कर रहे हैं। सोमवार को चरखी दादरी बस स्टैंड से 81 बसें रवाना हुईं और इन बसों ने 125 ट्रिप लगाईं। इनमें रोडवेज प्रशिक्षण केंद्र की 20 बसें भी शामिल हैं।
चार रूट किए मर्ज, भीड़ के चलते खड़े होकर किया सफर
चालक और परिचालकों के अलावा वर्कशॉप मेकेनिकों की हड़ताल के कारण डिपो में बसों की कमी बनी हुई है। व्यवस्था बनाने के लिए सोमवार को रोडवेज के अधिकारियों ने चार रूटों को मर्ज कर दिया। अधिकारियों ने दादरी-बेरी, दादरी-कोसली, दादरी-लोहारू-भिवानी आदि रूटों को मर्ज कर बसें चलाईं। इसके चलते बसों में भीड़ बनी रही और यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा।
पुलिस कर्मियों की बढ़ाई संख्या
बस स्टैंड परिसर की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों की संख्या सोमवार को बढ़ा दी गई। पहले जहां मैन गेट पर चार से पांच पुलिस कर्मी तैनात थे तो वहीं सोमवार को इनकी संख्या बढ़कर 13 कर दी गई। विभागीय सूत्रों की मानें तो बस स्टैंड परिसर पर व्यवस्थाएं बनाने में थोड़ी दिक्कतें आ रही थीं और इसके चलते यहां संख्या बढ़ाई गई है। सोमवार को पुलिस कर्मी हेल्प डेस्क पर पहुंचने वाले नए चालक और परिचालकों को समझाते भी नजर आए।