अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट की उस जमीन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है जिसमें दशकों से चल रहे वैश्य आर्य कन्या प्राथमिक विद्यालय को ताला लगा दिया गया है। ट्रस्ट से जुड़े पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने शनिवार को कहा कि ट्रस्ट स्थान पर जल्द ही महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल का निर्माण किया जाएगा। जबकि बहादुरगढ़ शिक्षा सभा ने शनिवार को अशोक गुप्ता और स्कूल को ताला लगाने के समर्थक चार लोगों को सभा से निष्कासित कर दिया। इनमें दो लोग ट्रस्ट के सदस्य भी हैं।
अशोक गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि श्रीनिवास गुप्ता व बहादुरगढ़ शिक्षा सभा ट्रस्ट की जमीन पर निर्धन कन्याओं को शिक्षित करने के बजाय संपत्ति व चौधर पर कब्जा जमाए बैठे थे। शिक्षा की व्यवस्था सही न होने के कारण इस विद्यालय में बहुत कम छात्राएं आती थीं। ट्रस्ट ने सभा को भवन खाली करने को भी कहा। उन्होंने खाली नहीं किया तो ट्रस्ट के सदस्यों ने यहां अच्छा पब्लिक स्कूल बनाने के लिए ताला लगा दिया। नया स्कूल एसी समेत सभी सुविधाओं से युक्त होगा। यह स्कूल महाराजा अग्रसेन के नाम पर होगा और नगर के बच्चे यहां शिक्षा ग्रहण करेंगे।
उधर, बहादुरगढ़ शिक्षा सभा के प्रधान श्रीनिवास गुप्ता ने बयान जारी करके बताया है कि बहादुरगढ़ शिक्षा सभा विरोधी कुकृत्य करने वाले अशोक गुप्ता, शिव कुमार गुप्ता, विनोद कुमार व मंगतराय गोयल को सभा से निकाल दिया गया है। इन सभी को स्कूल पर ताला लगाने की वजह से सभा से निष्कासित किया गया है। यह निर्णय शनिवार को हुई सभा की कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। बयान में श्रीनिवास गुप्ता ने कहा कि सभा वैश्य आर्य कन्या प्राथमिक पाठशाला का ताला खुलवाने और पाठशाला को चलाने की भरसक कोशिश करेगी। शनिवार को हुई सभा कार्यकारिणी की मीटिंग में श्रीनिवास गुप्ता के अलावा एसके अग्रवाल, सत्यनारायण अग्रवाल, सुधीर जैन व जगदीश कुमार गर्ग भी शामिल थे।