अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रदेश के पूर्व सीएम चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि हुड्डा हरियाणा में जनक्रांति यात्रा नहीं बल्कि जन भ्रांति यात्रा निकाल रहे हैं। इस वक्त हुड्डा का मकसद कांग्रेस को उभारना नहीं है बल्कि अपना वजूद बचाने का है। धनखड़ रविवार को झज्जर के गांव सिलाना में तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ करने आए थे। यहां मीडिया से मुखातिब होते हुए धनखड़ ने कहा है कि सभी को पता है कि अपने दस साल के शासनकाल में पूर्व सीएम हुड्डा व उसकी मंडली ने पूरे प्रदेश को दोनों हाथों से लूटा है। लेकिन अब जबकि हरियाणा की जनता ने उन्हें कतई नकार दिया है तो फिर हुड्डा अपना वजूद बचाने के लिए इस प्रकार की यात्राओं को जनक्रांति यात्रा का नाम दे रहे हैं जबकि सभी को पता है कि यह उनकी जन भ्रांति यात्रा है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि हुड्डा द्वारा प्रदेश में निकाली जाने वाली रथयात्रा को राहुल गांधी हरी झंडी नहीं दिखाते हैं तो फिर एक तरह से यह बगावत यात्रा मानी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी व पार्टी अध्यक्ष अशोक तंवर को इस यात्रा में शामिल न होना यही दर्शाता है कि अपनी पॉजीशन बचाने के लिए पूर्व सीएम हुड्डा इस प्रकार की यात्राएं करने में जुटे हुए हैं।
23 को होगा गोलमेज मंथन
सरकार को किसानों की सबसे बड़ी सच्ची हितैषी बताते हुए कहा कि केंद्र द्वारा पेश किए गए बजट में भी किसानों का अधिक से अधिक ध्यान रखा गया है। किसानों की आमदनी दोगुणा करने के लिए प्रदेश व केन्द्र सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इसी सिलसिले में कृषि वैज्ञानिकों के साथ किसान और सरकार ने मंथन करने के लिए 23 फरवरी को हिसार में किसानों के साथ गोलमेज मंथन का आयोजन रखा है। इस मंथन कार्यक्रम में हरियाणाभर से 100 टॉप प्रगतिशील किसान यहां पहुंचेंगे। इस मौके पर उनके साथ वाईस चेयरमेन योगेश सिलानी, डॉ. धर्मेंद्र बबलू व पूर्व नगरपार्षद मनीष बंसल भी मौजूद रहे।
राहुल ने नहीं दिखाई हरी झंडी तो हुड्डा की मानी जाएगी बगावत यात्रा : ओपी धनखड़
कृषि मंत्री बोले- केवल वजूद बचाने के लिए हुड्डा कर रहे बगावत यात्रा
-सिलाना गांव में तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ करने पहुंचे धनखड़