भुगतान की अंतिम तिथि पर भी नहीं बांटे बिजली के बिल
बौंदकलां।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की लेटलतीफी का खामियाजा कस्बे के बिजली उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है। बिल अदायगी की अंतिम तिथि छह नवंबर को भी उपभोक्ताओं को बिजली बिल वितरित नहीं किए गए। अब उपभोक्ताओं को जुर्माना राशि भरने का डर सता रहा है।
सोमवार को स्वयं ही बिजली बिल लेने पहुंचे उपभोक्ता राजकुमार सिंह और अजय कुमार ने बताया कि उनको बिजली बिल नहीं मिलने पर ही बिजली कार्यालय में आना पड़ा। इससे पहले तो घर पर ही बिजली बिल पहुंच जाता था। सोमवार तक भी करीबन 400 बिजली बिलों का वितरण नहीं हो पाया था। ऐसे में जिन बिजली उपभोक्ताओं को बिजली बिल नहीं मिलें है बिजली निगम की कार्यशैली के चलते ये ग्रामीण डिफाल्टर हो जाएंगे। इसके साथ ही बिजली निगम की डिफाल्टर सूची भी लंबी हो जाएगी। गौरतलब है कि बिजली निगम ने पूर्व सैनिकों से रीडिंग और बिजली वितरण का काम छीनकर प्राइवेट फर्म को सौंप रखा है। इस बारे में जेई प्रवीन कुमार ने बताया कि बिजली निगम में यह कार्य नए लोगों को दिया गया है इसलिए अब की बार समस्या आई है। भविष्य में निगम द्वारा समय पर ही बिजली बिल ग्रामीणों के घरों पर भेज दिए जाएंगे।
चार साल बाद प्रिंट डेडलाइन पर ही जमा हुए बिजली बिल
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर 4 साल में पहली बार छह नवंबर की निर्धारित तारीख पर ही बिजली बिल जमा किए। बिजली निगम अधिकारी इससे पहले हर आर बिलों में अंकित तारीख को काटकर तीन से चार दिन पहले कर देते थे। सोमवार को बिजली निगम द्वारा बिलों के भुगतान के लिए एक काउंटर खोला गया था। आखिरी दिन भी बिजली निगम में 102 बिजली उपभोक्ताओं ने बिजली बिलों का भुगतान किया है। इस बार बिल वितरण में देरी के चलते ही बिजली निगम ने पहले तो दो और तीन नवंबर की तारीख तय की थी लेकिन फिर इसे बढ़ाकर छह नवंबर किया गया।