पेयजल किल्लत पर भड़के ग्रामीण
बाढड़ा
पिछले काफी दिनों से पेयजल की किल्लत से नाराज गांव काकड़ौली हटठी की अनुसूचित जाति बस्ती के ग्रामीणों ने बुधवार को रोष जताया। उनका आरोप है कि बार-बार जनस्वास्थ्य विभाग को शिकायत के बावजूद बस्ती में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने प्रशासन से पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।
काकड़ौली हटठी के पूर्व सरपंच मनफूल सिंह, विजयपाल, सूरज सिंह, ईश्वर सिंह आदि ने बताया कि अनुसूचित जाति बस्ती में जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा बोरिंग ट्यूबवेल केे जरिए पानी सप्लाई किया जा रहा था। अब यह बोरिंग सिस्टम फेल होने पर बस्ती में पेयजल संकट गहरा गया है। बस्तीवासियों ने पिछले दिनों विभाग अधिकारियों को इसकी शिकायत देकर बस्ती में पेयजल आपूर्ति शीघ्र शुरू करवाने की मांग की थी लेकिन करीब एक माह बाद जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कोई कदम नहीं उठाया है। इससे बस्ती में पीने के पानी की किल्लत पैदा हो गई है। वहीं मवेशियों के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बस्ती में शीघ्र पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की मांग की है। इसे लेकर बस्ती के लोगों ने बोरिंग स्थल पर जाकर रोष प्रकट किया। इस मौके पर अशोक कुमार, अनूप सिंह, संतराम, राजेश पंच, महावीर, दलीप सिंह, कपूर सिंह, रोहताश, निर्मला देवी, भतेरी, अंजना, सुरेश, मेवा सिंह, मुकेश, सत्यवीर सिंह आदि उपस्थित थे।