अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
लावारिस पशुओं के आतंक से परेशान चार गांवों के ग्रामीण बुधवार को एसडीएम ओमप्रकाश देवराला से मिले। इन ग्रामीणों ने पशुओं द्वारा तबाह की जा रही फसलों के बारे में बताते हुए इनसे छुटकारा दिलाने की गुहार लगाई। एसडीएम ने गांव कलियाणा, बलाली, मंदौला और मंदौली गांवों के किसानों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। एसडीएम ने ग्रामीणों की मौजूदगी में ही कलियाणा सरपंच से फोन पर बात कर दस एकड़ जमीन नंदीशाला खोलने के लिए देने का प्रस्ताव भी मांगा। उन्होेंने नंदीशाला बनाने के बाद ग्रामीणों से इसमें सहयोग देने के लिए कहा। कलियाणा सरपंच ने जमीन देने के लिए सहमति जता दी है। इसके बाद एसडीएम ने पंचायत विभाग के अधिकारियों को इस पर विचार करने के निर्देश दिए।
गांव कलियाणा, कलाली, मंदौला व मंदौली के ग्रामीण एकत्र होकर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एसडीएम ओमप्रकाश देवराला के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने एसडीएम के समक्ष गुहार लगाते हुए कहा कि उनके गांवों में आवारा पशुओं का आतंक है। हर बार पशु किसानों की फसल को बर्बाद कर देते हैं। रामकिशन, मानाराम, छांगाराम, पप्पू, संजय, राजू, रोहताश, लीला, दिनेश, जगबीर, राजेश, रामशरण, भूपेंद्र, हनुमत आदि किसानों ने बताया कि पिछली दफा इन गांवों में गेहूं की बिजाई की थी, लेकिन कुछ एकड़ में ही फसल पककर तैयार हो सकी। किसानों ने बताया कि फसल बर्बाद होने के कारण उनके सामने परिवार के लालन-पालन में भी परेशानी आने लगी है। किसानों ने एसडीएम ओमप्रकाया देवराला से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई। एसडीएम ने नंदीशाला खोलने के लिए जब किसानों से जमीन मुहैया कराने मांग की तो किसानों ने कलियाणा गांव में जमीन होने की जानकारी दी। इस पर एसडीएम ने कलियाणा सरपंच घीसाराम से फोन पर इस बारे बात की। सरपंच के सहमति देने पर एसडीएम ने उनसे 10 एकड़ जमीन पर नंदीशाला खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन के पास भेजने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से नंदीशाला में पानी और चारे का प्रबंध करने में सहयोग मांगा।
कलियाणा में 500 लावारिस पशु, पांच महिलाओं को कर चुके घायल
ग्रामीण पप्पू, राजू, रोहताश, रामकिशन आदि ग्रामीणों ने बताया कि अकेले गांव कलियाणा में करीब 500 लावारिस पशु हैं। ये पशु खेतों में घुसकर फसलों को तबाह कर देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में चारा लेने गईं पांच महिलाओं पर ये पशु हमला भी बोल चुके हैं। इन ग्रामीणों ने बताया कि खेत में गए बच्चों को भी ये पशु अपना शिकार बनाते हैं।
चार गांवों के ग्रामीणों ने मेरे सामने आवारा पशुओं की समस्याएं रखी थीं। मैंने कलियाणा सरपंच को दस एकड़ जमीन नंदीशाला खोलने के लिए प्रस्ताव पास करने देने को कहा है। इस पर सरपंच ने अपनी सहमति जता दी है। जल्द से जल्द हम समस्या का समाधान करवा देंगे।
ओमप्रकाश देवराला, एसडीएम