सीएम फ्लाइंग का फर्जी अधिकारी बनकर अवैध वसूली, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
स्वयं को मुख्यमंत्री उड़न दस्ते का अधिकारी बताकर वाहन चालक से अवैध वसूली करने के आरोप में सिटी थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लेते हुए आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी भी बरामद की है। सिटी पुलिस थाना ने मूलरूप से गांव बड़राई निवासी और हाल मेजबान चौक निवासी आरोपी अजय के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
जानकारी मुताबिक वीरवार रात गांव इमलोटा निवासी युद्धवीर ट्रक लेकर सब्जी मंडी के पास से गुजर रहा था। इस दौरान एक व्यक्ति ने ट्रक को रुकवाकर उसे नीचे उतार लिया और उक्त व्यक्ति ने स्वयं को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते का अधिकारी बताया। इसके बाद आरोपी अजय ने युद्धवीर से 20 हजार रुपये मांगे। जब युद्धवीर ने रुपये देने से इंकार कर दिया तो अवैध वसूली करने वाले शख्स ने उसके ट्रक को इंपाउंड करने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस के संज्ञान में मामला आते ही सिटी थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। सिटी थाना प्रभारी विकास ओलहान ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मेजबान चौक के समीप रहने वाले अजय को काबू किया और वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी भी बरामद की है।
अवैध वसूली का अभी एक ही मामला सामने आया है। आरोपी अजय को काबू कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उससे अन्य वारदातों के खुलासे के लिए भी पुलिस पूछताछ करेगी।
भूदेव जांगड़ा, जिला पुलिस प्रवक्ता