झज्जर। जिले के कॉलेजों में रजिस्ट्रेशन के बाद दाखिला प्रक्रिया जारी है। उच्चतर शिक्षा विभाग अपनी पहली सूची जारी कर चुका है और अब 12 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी।
राजकीय नेहरू कॉलेज में पहली मेरिट सूची में 585 विद्यार्थियों के नाम आए थे, लेकिन दाखिला केवल 299 विद्यार्थियों ने ही लिया है। यहां कुल 51 प्रतिशत विद्यार्थियों ने फीस भरकर दाखिला ले लिया है। राजकीय नेहरू कॉलेज में विभिन्न कोर्साें मे कुल 1200 सीट हैं, इसमें सबसे ज्यादा सीट बीए में है। बीए में दाखिले के लिए ही सबसे ज्यादा रुझान है। बीए की पहली सूची में जिन विद्यार्थियों के नाम आए थे, उसमें से 58 प्रतिशत विद्यार्थियों ने फीस भरकर दाखिला ले लिया है। बीए के बाद बीसीए में सबसे ज्यादा दाखिले हुए हैं। पहली सूची में 75 विद्यार्थियों के नाम आए थे, इसमें से 39 ने दाखिला लिया है। कॉलेज के मीडिया प्रभारी डाॅ. अमित भारद्वाज ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ से 12 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा वे 12 जुलाई से 15 जुलाई तक फीस भर सकेंगे। पहली और दूसरी मेरिट लिस्ट के बाद बची खाली सीटों को भरने के लिए ओपन काउंसलिंग 17 जुलाई से शुरू होगी, जबकि नए आवेदनों के लिए एडमिशन पोर्टल 17 जुलाई से खुलेगा। 30 जुलाई तक नए आवेदन किए जा सकेंगे। 18 जुलाई से 24 जुलाई तक 100 रुपये लेट फीस के साथ दाखिले होंगे।