झज्जर। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन जारी हैं। सोमवार को कुल सात नामांकन दाखिल किए गए। बेरी विधानसभा क्षेत्र से दो और बादली से पांच प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। झज्जर व बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कोई नामांकन नहीं हुआ। झज्जर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गीता भुक्कल मंगलवार को नामांकन करेंगी। पूरे जिले से अब तक कुल 9 नामांकन जमा हुए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि सोमवार को बादली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से संदीप पुत्र बलदेव सिंह निवासी गांव जाहिदपुर, अजीत पुत्र रामचंद्र निवासी गांव बादली ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। कुलदीप वत्स पुत्र सत्यनारायण निवासी गांव सुरहेती व ईश्वर सिंह पुत्र सत्यनारायण वत्स निवासी गांव सुरहेती ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। तरुण पुत्र रजनेश निवासी गांव बादली ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बेरी निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर इंद्रजीत सुहाग पुत्र कर्ण सिंह निवासी गांव बिसहान और उषा सुहाग धर्मपत्नी इंद्रजीत सुुहाग निवासी गांव बिसहान ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक ने नामांकन प्राप्त किया।
12 तक जमा होंगे नामांकन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उम्मीदवार नामांकन पत्र 12 सितंबर तक भर सकते हैं। 13 सितंबर को नामांकन पत्रों की समीक्षा करते हुए छंटनी की जाएगी। 16 सितंबर तक नामांकन वापिस लिए जा सकते हैं।
सुरक्षा राशि के रूप में जमा करवाने होंगे 10 हजार रुपये
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए नामांकन के समय उम्मीदवार को सुरक्षा राशि के रूप में 10 हजार रुपये जमा करवाने होंगे। इसके अलावा, जो उम्मीदवार अनुसूचित जाति से संबंधित है, उन्हें संबंधित चुनावों में आधी राशि अर्थात 5 हजार रुपये सुरक्षा राशि के रूप में जमा करवानी होगी, चाहे वह सामान्य निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहा हो या आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से। चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा है 40 लाख रुपये