झज्जर। रविवार और सोमवार को आई आंधी से जहां काफी संख्या में पेड़ टूट गए, वहीं बिजली की लाइनों पर पेड़ गिरने व खंभे टूटने से जिले की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शहर की बिजली आपूर्ति करीब पांच घंटे तक प्रभावित रही, वहीं 150 से अधिक गांवों में अंधेरा छाया रहा। सोमवार की रात करीब साढ़े 12 बजे आई। तेज आंधी से जिले के अधिकांश पावर हाउस व फीडर बंद हो गए।
दो दिनों में बिजली की लाइनों के करीब 422 पोल टूट गए, 18 ट्रांसफार्मर खंभों से नीचे गिर गए। इससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। वहीं बिजली निगम को करीब 50 लाख से अधिक का नुकसान हो गया है। आंधी से कई इलाकों के ट्रांसफार्मरों में फाल्ट आ गए। बिजली के तारों पर पेड़ गिर गए। इससे शहर के कई इलाकों में करीब पांच घंटे तक बिजली व्यवस्था ठप रही। कई इलाकों में एक के बाद एक फाल्ट की शिकायत बिजली निगम के कंट्रोल रूम में आने लगी। आंधी रुकने के बाद कर्मचारियों ने बिजली के लाइनों की मरम्मत की और बिजली आपूर्ति को बहाल करना शुरू कर दिया। सोमवार को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसई संदीप जैन ने भी जिले के कई पावर हाउसों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
बिजली लाइनों को ठीक करने का कार्य जारी
उत्तर हरियाणा बिजली निगम के कर्मचारियों ने बिजली की लाइनों को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है। टूटे हुए खंभों के स्थान पर नए खंभे लगाए जा रहे हैं। खराब हुए ट्रांसफार्मरों को बदल दिया गया है। निगम की तरफ से जब भी आंधी आती है और बिजली व्यवस्था प्रभावित होती है तो सबसे पहले शहरी क्षेत्र की बिजली की लाइनों को ठीक किया जाता है। उसके बाद ग्रामीण क्षेत्र और इसके बाद कृषि क्षेत्र की लाइनों को ठीक किया जाता है। इस बार कृषि क्षेत्र की लाइनों के खंभे अधिक टूटे हैं।
कम वोल्टेज ने लोगों को किया परेशान, दिन भर लगते रहे बिजली के कट
आंधी के कारण हुए फाल्ट से कटी बिजली जब पांच घंटे बाद आई तो लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन कुछ देर बाद वोल्टेज कम होने के कारण पंखे और कूलर ठीक तरीके से नहीं चल सके। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को दिन के समय भी बिजली की लाइनों को ठीक करने के चलते बिजली के कट लगते रहे। बिजली निगम के कर्मचारी जिस क्षेत्र की लाइनों को ठीक कर रहे थे। उस क्षेत्र के फीडरों पर परमिट लेकर उन्हें बंद करवा रहे थे।
शनिवार को आंधी के कारण टूटे हुए पोल पूरी तरह से ठीक भी नहीं हुए थे कि रविवार की रात को आई आंधी से और नुकसान हो गया है। काफी लाइनों को ठीक कर दिया गया है। कई स्थानों पर बिजली की लाइनों के पोल टूट गए हैं। उन्हें ठीक किया जा रहा है।
- संदीप जैन, एसई, झज्जर