झज्जर। अनाज मंडियों में एक बार फिर से हैफेड ने बेरी और झज्जर की अनाज मंडी में सरसों की खरीद शुरू तो कर दी है, लेकिन खरीद की गति धीमी होने के कारण आढ़ती और किसान परेशान हैं। जिला की अनाज मंडियों से गोदामों पर गेहूं व सरसों लेकर आ रही गाड़ियां भी समय पर खाली नहीं हारे पा रही हैं। गोदामों पर लेबर की कमी के कारण समय पर गाड़ियों खाली नहीं हो पा रही है। जिसकी वजह से गाड़ी मालिकों को भी परेशानी आ रही है और गाड़ियां समय पर खाली न हो पाने से उनका खर्चा भी बढ़ रहा है। वहीं समय पर अनाज का उठान न होने की वजह से भुगतान भी नहीं हो पा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी गेहूं के भुगतान को लेकर आ रही है। अनाज मंडियों में करीब 11 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है और उठान करीब साढ़े चार लाख क्विंटल गेहूं का हुआ है। किसानों का अनाज गोदाम में पहुंचने के बाद उनकी राशि का भुगतान किया जाता है। जिला में करीब साढ़े तीन लाख क्विंटल सरसों की खरीद हो चुकी है। जबकि 80 प्रतिशत सरसों का उठान हो चुका है।
-आज खरीद रहेगी बंद, उठान में तेजी आने की संभावना
रविवार का अवकाश होने के कारण सरसों व गेहूं की खरीद का कार्य बंद रहेगा और उठान कार्य जारी रहेगा। मंडियों में अनाज की खरीद बंद होने के कारण उठान कार्य में तेजी आने की संभावना है। आढ़तियों का कहना हे कि वेयर हाउस और हैफेड के गोदामों पर अनाज को उतारने के लिए लेबर की कमी है। जिसके कारण समय पर गाड़ियां न तो खाली हो रही हैं और न ही मंडी में पहुंच रही हैं। जिसका खामियाजा आढ़तियों और किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
वर्जन
रविवार को अवकाश होने के कारण अनाज की खरीद का कार्य बंद होने के कारण उठान के कार्य में तेजी आएगी। सोमवार को दोबारा से अनाज की खरीद शुरू होगी।
- अशोक शर्मा, डीएफएससी, झज्जर।
वर्जन
सरसों की खरीद शुरू अवश्य हो गई है। लेकिन गेट पास काटे जाने के बाद भी सरसों की खरीद काफी धीमी गति से हो रही है। वहीं किसान राशि के भुगतान के लिए उनकी दुकानों पर चक्कर लगा रहे हैं।
चांद सिंह पहलवान, प्रधान अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन, झज्जर।