चरखी दादरी। जिले के बौंद कलां ब्लॉक के सरकारी स्कूलों में सक्षम प्लस परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग के छह अधिकारी लगातार स्कूलों की मॉनीटरिंग करेंगे। अधिकारी शिक्षकों गाइड लाइन देंगे। सक्षम प्लस की परीक्षा 17 मई को होगी। यह परीक्षा सरकार की ओर से किसी एजेंसी के जरिए आयोजित करवाई जाएगी। जिला का बौंद कलां ब्लॉक पिछले साल सक्षम हो चुका है। सक्षम परीक्षा में हिंदी व गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी इस परीक्षा में 80 फीसदी बच्चों को 50 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण होना चाहिए तभी वह ब्लॉक समक्ष माना जाता है। अब इस ब्लॉक के बच्चों को सक्षम प्लस परीक्षा से गुजरना होगा। सक्षम प्लस परीक्षा में केवल अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी इसमें कक्षा चार-छह व आठवीं के बच्चों को शामिल किया जाएगा। अब इस परीक्षा की तिथि 17 मई तय कर दी गई हैै। सरकार की ओर से किसी एजेंसी की ओर से यह परीक्षा करवाई जाएगी। परीक्षा के लिए राजकीय स्कूलों का रेंडमली चयन होगा। इस सक्षम प्लस में सफलता पाने के लिए अब शिक्षा विभाग ने जिला के छह अधिकारियों को सरकारी स्कूलों की मॉनीटरिंग के लिए जिम्मेदारी सौंपी हैै। ये अधिकारी इन स्कूलों में जाकर शिक्षकों को गाइड लाइन देंगे और बच्चों को प्रेरित करेंगे ताकि जिले के बौंद कलां ब्लॉक को सक्षम प्लस का दर्जा मिल सके। इन अधिकारियों मेें डीईओ, डिप्टी डीईओ, डीईईओ, डाइट प्राचार्य, डीपीसी व बीईओ को मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके अलावा मेंटर के रूप में तीन ब्लॉक रिसोर्स पर्सन और दो एआरसी की भी ड्यूटी लगाई गई है। इसकी पुष्टि खंड शिक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह फौगाट ने की।