चरखी दादरी। पुराना शहर में कीकरवासनी हनुमान मंदिर के निकट स्थित जोहड़ में मृत गाय मिली। गो भक्तों ने मृत गाय को बाहर निकाला और दफनाया। वहीं, स्थानीय लोगों ने नप कर्मचारियों पर सूचना देने के बावजूद मौके पर न पहुंचने का आरोप लगाया है।
समाजसेवी रिंपी फौगाट ने बताया कि पिछले तीन चार दिनों से गाय जोहड़ में मृत अवस्था में पड़ी रही। लोगों ने प्रशासन व नप के अधिकारियों को भी सूचना भेजी थी लेकिन कोई भी कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। गोभक्त एवं समाज सेवी रिंपी फौगाट को सूचना मिलने पर वे युवाओं की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रस्से की सहायता से मृत गाय को जोहड़ से बाहर निकाला गया। बाद में गाय की अंतिम क्रिया की गई। रिंपी फौगाट ने प्रशासन के रवैये पर रोष जताते हुए कहा कि आए दिन गायों की दुर्दशा हो रही है। नगर परिषद की जिम्मेदारी बनती है कि मृत पशुओं की समय रहते सुध ली जाए।इस दौरान टीम सदस्यों में आशीष चौहान, श्रीकांत, अत्तर, बाली, मिंटू, संजय, प्रतीक, मनोज सिंगला, जयंत, भगत सिंह , नरेश मौड़ी, सतबीर भागेश्वरी, रामखेल साहू व रणबीर का सहयोग रहा।