अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। कस्बे की प्रमुख सड़कें जर्जर होने के कारण चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे और उखड़ी रोड़ियां हादसों का कारण भी बन रही है लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं, सड़कों के खस्ताहाल में होने से सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। कई सड़कों के कंडम होने का कारण ओवरलोड वाहन भी हैं।
कस्बे के बाढड़ा -जुई, बाढड़ा-सतनाली, बाढड़ा-लोहारू प्रमुख सड़क मार्ग की बरम दुरुस्त न होने से किनारों से मिट्टी का कटाव भी जगह-जगह हो गया है। वहीं, सड़क टूटने के कारण जगह -जगह पर गड्ढे बने हैं। इससे वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों का सड़क पर चलना खतरे से खाली नहीं है। वाहन चालकों को रात के समय वाहनों की रोशनी में कई बार कट दिखाई ही नहीं देते है जिससे वो हादसों के शिकार हो रहे हैं। वाहन चालक रवि, अनिल, मनोज, सुरेंद्र, संदीप आदि ने बताया कि कई जगह सड़क पर बनी नहरी पुलियां भी कंडम पड़ी हैं जो रात के समय दिखाई नहीं देती और वाहन सवार दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस बारे में कई दफा प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रशासन व विभाग से जल्द ही सड़क के निर्माण या पैच लगाने की गुहार लगाई है।