अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी । शहर के वार्डों में सफाई कर्मचारियों के पास हाथ रेहड़ी नहीं होने से कचरे को अस्थायी डंपिंग प्वाइंटों पर डाला जा रहा है। इससे नियमित रूप से कचरे का उठान भी नहीं हो पा रहा है। कई वार्डों में सफाई कर्मचारी भी पर्याप्त नहीं हैं।
नगर परिषद कार्यालय में एक साल से रखी नई हाथ रेहड़ियां कबाड़ बन रही हैं। पार्षदों ने बताया कि वार्डों में सफाई कर्मचारियों के पास हाथ रेहड़ी नहीं हैं वहीं नगर परिषद के कबाड़ में 15 नई हाथ रेहड़ियां खड़ी अब कबाड़ बन रही हैं।
वार्डों में बने अस्थायी डंपिंग प्वाइंट पर कचरे के ढेर लगे रहते हैं और कुछ वार्डों में सफाई कर्मचारी भी कम है जिससे वार्डों में कचरे का उठान प्रतिदिन नहीं हो पा रहा है। सफाई कर्मचारियों को हाथ रेहड़ी नहीं मिलने से वार्डों से कचरे का उठान ठीक प्रकार से नहीं हो पा रहा है जिससे वार्डवासियों को गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों ने इन नई रेहड़ियों का वार्डों में आबंटन करवाए जाने की मांग की है ताकि सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाया जा सके।
वार्ड -18 में तीन हाथ रेहड़ियां हैं जबकि चार रेहड़ी मिलनी चाहिए वहीं वार्ड सफाई कर्मचारी भी तीन ही कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड में नौ सफाई कर्मचारी होने चाहिए। इससे सफाई व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
-कुलदीप गांधी, पार्षद वार्ड 18
वार्ड दो में सफाई कर्मचारियों को एक भी हाथ रेहड़ी नहीं मिली है जिससे सफाई कर्मी अस्थायी डंपिंग पर ही कचरा डाल रहे हैं। वार्ड में सफाई कर्मियों को दो से तीन हाथ रेहड़ियां मिलनी चाहिए।
- महेश गुप्ता, पार्षद वार्ड दो
जिन सफाई कर्मचारियों के पास टूटी हुई हाथ रेहड़ियां थी। उन सफाई कर्मियों को नई हाथ रेहड़ी दे दी गई हैं। कुछ हाथ रेहड़ियां नगर परिषद कार्यालय में रखी हुई हैं।
- दिनेश, पार्षद वार्ड चार
वार्ड में चार सफाई कर्मचारी लगे हुए हैं और इन सफाई कर्मचारियों को पर्याप्त मात्रा में हाथ रेहड़ियां मिली हुई हैं। वार्ड के सभी सफाई कर्मचारियों को नई हाथ रेहड़ियां उपलब्ध करवा रखी हैं।
-जयसिंह, पार्षद प्रतिनिधि वार्ड एक
नगर परिषद कार्यालय में जो हाथ रेहड़ियां रखी हैं वह रिप्लेस करने के लिए रखी हैं। जो भी रेहड़ी टूट जाती है उसे रिप्लेस कर दिया जाता है। जिन सफाई कर्मचारियों के पास रेहड़ी नहीं है वे परिषद से डिमांड करें और नई हाथ रेहड़ी प्राप्त करें।
-संजय, चेयरमैन नगर परिषद, चरखी दादरी