झज्जर। तीन दिवसीय पोलियो रोधी अभियान के तहत जिला भर में 18 नवंबर से 20 नवंबर तक लगभग एक लाख 30 हजार बच्चों को पोलियो रोधी खुराक दी जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त सुशील सारवान ने वीरवार को लघु सचिवालय में तीन दिवसीय पोलियो रोधी अभियान से जुड़े विभागीय अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप ने बताया कि अगस्त माह में जिला भर में एक लाख 22 हजार 96 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई थी। पिछले अनुभव के आधार पर 18 नवंबर से शुरू हो रहे तीन दिवसीय अभियान में एक लाख 30 हजार बच्चों को पोलियो दवा पिलाने का लक्ष्य रखते हुए तैयारियां की गई हैं। उप-सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में जीरो से पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे तक पहुंचने के लिए विभाग की ओर से 596 स्थायी बूथ, 70 मोबाइल टीम, 20 ट्रांसिट टीम बनाई गई है। इस कार्य में 2726 कर्मचारी, 165 सुपवाइजर्स की सेवाएं ली जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को बूथों पर तथा 20 व 21 नवंबर को घर-घर जाकर जीरो से पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक दी जाएगी।
अतिरिक्त उपायुक्त सारवान ने अधिकारियों से कहा कि जिले में लगभग पौने चार सौ ईंट भट्ठे हैं और इन स्थानों पर श्रमिकों के काफी बच्चे रहते हैं। उन्होंने उप सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करें कि सभी ईंट भट्ठों पर मोबाइल टीम पंहुचे और साथ ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग इस कार्य में सहयोग करे। एडीसी ने कहा कि सभी संबधित विभाग अभियान को सफल बनाने के लिए टीम वर्क की भावना से कार्य करें। इस अवसर पर जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ दलबीर राठी, नोडल अधिकारी डॉ मनोज अर्बन, विश्व स्वास्थ्य संगठन की सलाहकार डॉ. बिंदु यादव सहित शिक्षा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो संख्या-3