पांच घंटे रही ठप एचएसएससी की वेबसाइट, आवेदकों को हुई परेशानी
बहादुरगढ़ (ब्यूरो)।
हरियाणा राज्य कर्मचारी चयन आयोग की वेबसाइट सोमवार को कई घंटे बंद रही। इससे युवाओं को काफी परेशानी को सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी महिला पुलिस भर्ती की आवेदकों को हुई।
जानकारी के अनुसार हरियाणा पुलिस में भर्ती के लिए आवेदन करने का सोमवार को अंतिम दिन था। इसलिए शहर के तमाम साइबर कैफे में सोमवार को सुबह से ही आवेदकों की भीड़ लग गई थी। लेकिन करीब 12 बजे वेबसाइट बंद हो गई। दस्तावेज अपलोड होना ठप हो गया। लगभग 5 बजे वेबसाइट ने फाइलें लेनी शुरू की। झज्जर मोड़ के पास स्थित एक साइबर कैफे के संचालक दिनेश देसवाल ने बताया कि शाम करीब 5 बजे तक साइट पर दस्तावेज अपलोड नहीं हो पा रहे थे। जिससे पुलिस भर्ती के लिए आवेदन करने वालों को बहुत परेशानी हुई। सबसे ज्यादा कठिनाई युवतियों को हुई। उन्हें घंटों तक इंतजार करनी पड़ी। कई-कई घंटे प्रतीक्षा करने के बाद अधिकतर आवेदक साइबर कैफे संचालकों पर यह भरोसा करके लौट गए कि जब वेबसाइट चलेगी तो वे खुद ही आयोग की वेबसाइट पर दस्तावेज अपलोड करके आनलाइन आवेदन का सारा काम निपटा देंगे।
----------------