अमर उजाला ब्यूरो
बेरी (झज्जर)।
नपा चुुनाव के लिए सोमवार तक 15 प्रत्याशियों ने अपना फार्म जमा करवाए हैं। सोमवार को 12 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, अभी फार्म भरने के लिए दो दिन और शेष बचे हैं। ऐसे में यह आंकड़ा करीब 50 तक पहुंच सकता है। चुनाव आयोग ने 13 मई को बेरी नगर पालिका के चुनाव कराने का फैसला लिया है। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली है। बेरी नगर पालिका में 13 वार्ड हैं। इनमें करीब 11798 मतदाता है। इस चुनाव के लिए 27 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई थी। शनिवार को तीन उम्मीदवारों ने ही नामांकन जमा करवाए थे, रविवार को अवकाश होने के कारण कोई नामांकन जमा नही हो पाया। नामांकन प्रकिया को लेकर प्रशासन की तरफ से एआरओ बेरी नायब तहसीलदार रमेश चंद्र, नगर पालिका सचिव संजय रोहिल्ला, एमई मंदीप धनखड़, भवन निरीक्षक अशोक हुड्डा, जगदीश, मौजूद रहे।
चार वार्डों से एक भी नामांकन नहीं हुआ
सोमवार शाम तक मिली रिपोर्ट के मुताबिक 15 नामांकन जमा हुए हैं। इसमें वार्ड-1, 2, 3 और 6 से एक भी दावेदार नहीं आया है। क्योंकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान सरकारी अवकाश होने की वजह से दस्तावेज पूरे नहीं हो पा रहे हैं। नामांकन के दो दिन शेष होने के कारण नामांकन भरने वाले उम्मीदवार पसीना बहाते नजर आ रहे हैं।
नपा प्रधान के वर्ग पर फैसला आज
चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों के साथ ही शहर वासी भी नगरपालिका प्रधान पद के वर्गीकरण का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मंगलवार को 12 बजे पंचकूला में इसका फैसला होगा। इसके बाद नगरपालिका चुनाव से कई प्रत्याशी जहां गायब हो सकते हैं। वहीं, कई नए चेहरे भी मैदान में प्रकट हो सकते हैं।
सोमवार तक नामांकन जमा कराने वाले प्रत्याशी
नगर पालिका चुनाव के तहत 13 मई को मतदान होना है, जिसके तहत हाल समय में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही है। सोमवार को दो महिलाओं सहित 12 लोगों ने अपने नामांकन फार्म जमा करवाए। इसमें वार्ड-4 से जितेंद्र, वार्ड-5 से सतबीर व अनिल ने, वार्ड-7 से प्रवीन सलूजा, वार्ड-8 से ज्योति व राजबाला ने, वार्ड-9 से रविंद्र व दीपक ने, वार्ड-10 से प्रदीप कुमार, सुरेंद्र कुमार, दीपक ने, वार्ड-11 से मुकेश कुमार ने नामांकन फार्म दाखिल करवाए।
वर्जन
नामांकन के चौथे दिन चुनाव लड़ने के इच्छुक 21 लोगों ने लघु सचिवालय से फार्म लिया और अभी चुनाव लड़ने के इच्छुक 84 उम्मीदवार फार्म ले जा चुके है और नामांकन के चौथे दिन 12 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। अब तक कुल 15 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए है। नामांकन भरने के लिए दो दिन शेष बचे हुए है।
- रमेशचंद्र, एआरओ, नायब तहसीलदार बेरी।