अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
सर्दी के सीजन में कुछ दिनों से पड़ रही धूप के कारण किसानों के चेहरे अब मुरझाने लगे थे लेकिन मंगलवार को सुबह हुई हलकी बारिश की वजह से अब किसानों के चेहरे फिर से खिल गए हैं। मौसम का मिजाज सोमवार को देर शाम बाद बदलना शुरू हो गया था। शाम को तेज ठंडी हवाएं चल रही थी तो मंगलवार को सुबह ही बूंदाबांदी शुरू हो गई। दिन में बारिश के बाद देर शाम तक आसमान में बादल छाए रहे। जिसके चलते मंगलवार को सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। बारिश की वजह से मंगलवार को तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार जिले में तीन एमएम बारिश दर्ज की गई है।
गेहूं और सरसों को मिलेगा फायदा
मंगलवार को जिले में हुई तीन एमएम बारिश की वजह से गेहूं और सरसों की फसल को काफी फायदा मिलेगा। कृषि विभाग के उपनिदेशक रोहतास सिंह के अनुसार यह बारिश खाद व पानी दोनों का कार्य करेगी। गेहूं की फसल में फुटाव व बढ़वार शुरू हो जाएगी। वहीं सरसों की फसल में भी बारिश की वजह से फायदा पहुंचेगा। वहीं, किसान दिलीप, अंकुर, दीपक, नरेन्द्र और मोनू का कहना है कि इस समय बरसात से फसल में कोई नुकसान नहीं होगा।
सेहत पर ध्यान दें बुजुर्ग और बच्चे
सर्दी में बुजुर्गों तथा बच्चों की सेहत के मामले में खास ध्यान देने की जरूरत है। नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र अहलावत कहते हैं कि बच्चों तथा बुजुर्गों में प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। ऐसे में बुजुर्ग सैर करने से बचें और महिलाएं अपने नवजातों को गर्म कपड़ों से ढककर रखे।