अमर उजाला ब्यूरो
बेरी।
गांव दूबलधन से तीन दिन पूर्व लापता हुआ एक युवक को शनिवार को भी जेएलएन नहर में कोई सुराग नहीं मिल पाया। नहर विभाग के अधिकारियों ने घटना की सूचना के बाद जेएलएन के पानी का बहाव तो कम करा दिया लेकिन एसडीएम द्वारा शुक्रवार को ग्रामीणों को जल्द ही गोताखोर बुलवाने के आश्वासन के बाद भी शनिवार को गोताखोर नहीं पहुंचे। यही वजह रही कि ग्रामीण अपने स्तर पर युवक को दिनभर तलाशते रहे। एक बार तो अफवाह यह फैल गई थी कि जेएलएन से उक्त युवक का शव मिल गया है। लेकिन जब मौके पर जाकर देखा गया तो तलाश के दौरान पानी के बहाव में उन्हें एक कट्टा मिला जिसे ग्रामीण लापता युवक का शव समझ बैठे।
गौरतलब है कि गांव दूबलधन का रामनिवास पुत्र जयनारायण तीन दिन पूर्व अपने घर से लापता हो गया था। बाद में परिजनों व ग्रामीणों को उसके कपड़े व जूते गांव के पास से ही गुजर रही जेएलएन नहर के किनारे पड़े मिले थे। उसके बाद ग्रामीणों व लापता युवक के परिजनों ने आशंका जताई थी कि रामनिवास ने कहीं जेएलएन में कूदकर आत्महत्या न कर ली हो। इसी के चलते शुक्रवार को काफी संख्या में ग्रामीण बाकरा हैड पर पहुंच गए थे और उन्होंने अपने स्तर पर ही जेएलएन का पानी शटर डालकर बंद करने का प्रयास किया था। लेकिन मामले की गंभीरता को भांप कर एसडीएम संजय राय वहां पहुंच गए और उन्होंने ग्रामीणों को इस आश्वासन के साथ समझाया था कि शनिवार को पानी का बहाव कम कर दिया जाएगा और तलाश के लिए गोताखोरों को भी बाहर से बुलाया जाएगा।
वर्जन
बेरी एसडीएम संजय राय ने बताया कि जेएलएन में पानी कम करा दिया गया है और रविवार को गोताखोर पहुंच जाएंगे। रविवार को फिर से गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जाएगी।
जेएलएन का पानी तो कम हुआ पर नहीं पहुंच पाए गोताखोर
तीन दिन बाद भी नहीं लगा युवक का सुराग
-नहर किनारे मिले थे लापता युवक के कपड़े व जूते
-एसडीएम ने दिया था गोताखोर बुलाने का आश्वासन
-ग्रामीण अपने स्तर पर भी कर रहे हैं जेएलएन में ढूंढने का प्रयास