फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक घंटे में रोहद टोल से फ्री निकले 400 वाहन, हुआ एक लाख का नुकसान

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

बहादुरगढ़।
रोहद टोल प्लाजा पर स्थानीय वाणिज्यिक वाहनों का टोल वसूले जाने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को जमकर हंगामा किया। लोगों ने अपनी मांगों को लेकर जबरदस्ती टोल से सभी वाहनों को मुफ्त में निकाल दिया। टोल अधिकारियों ने दावा किया कि एक घंटे में लगभग 400 वाहनों के टोल बैरियर से फ्री निकलने से करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। टोल प्रबंधन की शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों ने लोगों को समझाकर वापस भेज दिया। मगर अभी मामला शांत नहीं हुआ है। टोल प्रबंधन जहां आसपास के गांवों के लोगों से वाणिज्यिक वाहनों का टोल वसूलने की बात कह रहा है तो लोग टोल न देने पर अड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को रोहद, मांडोठी, नया बांस, गढ़ी सांपला और सांपला निवासियों ने टैक्स लागू करने पर रोष जताया है।

पर्सनल वाहनों पर दी छूट
रोहद गांव स्थित टोल के 10 और 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले लोगों की पर्सनल गाड़ियों पर अलग-अलग तरह की छूट दे रखी है, लेकिन यहां के स्थानीय लोग अपने वाणिज्यिक वाहनों पर भी छूट चाहते हैं। इसी को लेकर अक्सर टोल कंपनी और स्थानीय ट्रक यूनियन के लोगों के बीच टकराव होता रहता है। विरोध के कारण अब तक कंपनी स्थानीय वाणिज्यिक वाहनों का टोल नहीं वसूल पा रही थी, लेकिन टोल कंपनी ने बुधवार को प्रशासन की सहमति के बाद वाणिज्यिक वाहनों का टोल वसूलना शुरू किया था। इससे गुस्साएं लोगों ने टोल पर जमकर हंगामा किया और करीब एक घंटे तक गाड़ियों को फ्री निकाला।
विज्ञापन


जारी की सीसीटीवी फुटेज
टोल अधिकारियों की ओर से बुधवार को हंगामा करने वाले लोगों की सीसीटीवी फुटेज भी जारी की गई है। फुटेज में ग्रामीण साफतौर पर टोल पर हंगामा करते नजर आ रहे हैं। टोल प्रबंधन कंपनी के कार्यालय में भी वे लोग काफी संख्या में घुस गए। वहां पर भी उन्होंने हंगामा किया। मामला बढ़ता देख टोल अधिकारियों ने हंगामे की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर वापस भेजा।

दोनों पक्ष अड़े थे अपनी-अपनी मांग पर
दरअसल, 26 नवंबर 2015 को रोहद गांव में वेस्ट हरियाणा हाइवे प्रोजेक्ट कंपनी की ओर से टोल शुरू किया था। तब से लेकर अब तक आसपास के सभी गांवों के हर तरह के वाहनों को टोल शुल्क में छूट मिली हुई थी, लेकिन अब टोल कंपनी इन गांवों के कामर्शियल वाहनों से टोल वसूलना चाह रही है। टोल कंपनी का कहना है कि वाणिज्यिक वाहनों में किसी तरह की छूट नहीं दी जा सकती है। छूट देने से उन्हें नुकसान हो रहा है। इसी के चलते रोहद, मांडोठी, नया बांस, गढ़ी सांपला, सांपला व ट्रक यूनियन रोहद के प्रधानों को पिछले दिनों कंपनी ने पत्र लिखकर कामर्शियल वाहनों से टोल वसूलने के लिए अवगत करा दिया था। टोल वसूलने को लेकर एएसपी और एसडीएम के साथ मंगलवार को ग्रामीणों व टोल कंपनी के अधिकारियों की बैठक भी हुई थी। दोनों पक्षों द्वारा अपनी-अपनी मांग पर अड़े होने की वजह से इस बारे में कोई निर्णय भी नहीं हो सका था। ऐसे में कंपनी ने बुधवार को वाणिज्यिक वाहनों से टोल वसूलना शुरू किया। इसके बाद यह हंगामा हो गया।

टोल अधिकारियों ने की सुरक्षा की मांग
टोल कंपनी के प्रबंधक विनोद कुमार का कहना है कि कंपनी अपने नियमों के अनुसार ही टोल वसूली कर रही है, लेकिन ट्रांसपोर्ट यूनियनों से जुड़े लोग बार-बार जबरदस्ती करते हैं। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टोल पर अवरोध करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करवाई जाएगी। इसके लिए उन्होंने पुलिस को शिकायत दे दी है। साथ ही पुलिस प्रशासन से यहां पर सिक्योरिटी बढ़ाए जाने की मांग भी उनकी ओर से की गई है।
विज्ञापन


एनएचएआई के निर्देश पर वसूला जा रहा टोल
रोहद टोल के सीआरओ इंग्लेश शर्मा ने बताया कि टोल मांगने पर ग्रामीण टोल के स्टाफ व सिक्योरिटी के साथ बदतमीजी करते हैं और लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। करीब दो महीने पहले कुछ ट्रांसपोर्टरों ने अपनी बसें और अन्य कामर्शियल वाहन टोल गेट पर अड़ा कर जाम भी लगा दिया था। इस तरह की हरकतों से टोल पर कामकाज प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के साफ निर्देश है कि छूट प्राप्त वाहनों के अलावा किसी अन्य वाहन को मुफ्त में न निकाला जाएं। अब देखना यह होगा कि टोल कंपनी अपने नियमों के अनुसार टोल वसूल पाती है या फिर स्थानीय लोगों की जेब पर टोल भारी पड़ता है।

बातचीत के जरिये निकाला जाएगा हल : एसएसपी
एसएसपी बी सतीश बालन का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिये समस्या का कोई हल निकाला जाएगा।


ये हैं रोहद टोल की दरें
वाहन का नाम एक तरफ का टोल दोनों तरफ का टोल मंथली पास
कार, जीप और वैन 58 रुपये 86 रुपये 1727 रुपये
एलसीवी 101 रुपये 151 रुपये 3022 रुपये
बस और ट्रक 201 रुपये 302 रुपये 6044 रुपये
अप टू 3 एक्सल वाहन 324 रुपये 486 रुपये 9714 रुपये
चार से छह एक्सल वाहन 324 रुपये 486 रुपये 9714 रुपये
एचसीएम/एएमई 324 रुपये 486 रुपये 9714 रुपये
सात एक्सल वाहन 324 रुपये 486 रुपये 9714 रुपये


- सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, ग्रामीणों को समझाकर वापस भेजा
- टोल अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांगी सिक्योरिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें