नंदीशाला में प्रबंधों की मांग के लिए डीसी से मिले विधायक और पार्षद
चरखी दादरी।
शहर की नंदीशाला में गायों के लिए सर्दियों के लिहाज से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाए जाने की मांग को लेकर पार्षद प्रतिनिधिमंडल विधायक राजदीप को साथ लेकर डीसी से मिला। पार्षदों ने डीसी से गायों के लिए शेड बनवाए जाने की मांग की । शहर के कई पार्षद व विधायक राजदीप सिंह नंदीशाला पहुंचे। इन पार्षदों ने नंदीशाला का दौरा कर गायों की दुर्दशा पर चिंता प्रकट की।
विधायक राजदीप सिंह ने कहा कि गायों के लिए शेड आदि की व्यवस्था करना जरूरी है। आने वाली सर्दियों में गायों के संरक्षण एवं रखरखाव के लिए प्रशासन को व्यापक प्रबंध करने चाहिए। पार्षद आनंद महराणा व पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र सांगवान चरखी ने बताया कि इस समय नंदीशाला में बड़े पशु छोटे पशुओं को मारकर घायल कर रहे हैं। इसलिए छोटे व बड़े पशुओं के लिए अलग- अलग बाड़े बनाए जाने चाहिए ताकि पशु आपस में चोटिल न हो । पूर्व पार्षद वीरेंद्र सांगवान चरखी ने बताया कि नंदीशाला में नियमित रूप से सफाई करने की भी जरूरत है। दूषित पानी एवं गोबर निकासी का प्रबंध भी जरूरी है। इसके बाद पार्षद व विधायक राजदीप सिंह डीसी विजय कुमार सिदप्पा से मिले तथा गायों की हो रही दुर्दशा के बारे में उन्हें जानकारी दी। पार्षदों ने डीसी के समक्ष टीन शेड लगवाने, नंदीशाला से पानी की निकासी करवाने व अलग-अलग पशु बाड़ा बनवाने की मांग रखी। पार्षद आनंद महराणा ने बताया कि डीसी ने जल्द ही टीन शेड लगवाए जाने , दूषित पानी की निकासी व अन्य जरूर प्रबंध करवाए जाने का आश्वासन दिया है। डीसी से मिलने वालों में विधायक राजदीप सिंह के अलावा पार्षद रविंद्र गुप्ता, पार्षद आनंद महराणा, पार्षद प्रतिनिधि विक्रम श्योराण, पार्षद दिनेश जांगड़ा, पार्षद मनोज वर्मा, पार्षद कुलदीप गांधी, पार्षद रोहित,पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र चरखी,कृष्ण कुमार, समाजसेवी रिंपी फौगाट, जय सिंह लांबा मौजूद थे।