चरखी दादरी में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय शुरू करने की मांग
चरखी दादरी।
शिक्षा विभाग खंड कार्यालय में सभी राजकीय स्कूलों के प्राचार्यों व मुख्याध्यापकों की बैठक आयोजित की गई जिसमें जिला चरखी दादरी में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय शीघ्र शुरू करवाए जाने की मांग की गई। इसके अलावा बैठक में सभी जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं दादरी में ही आयोजित करवाने, स्कूलों का किसी भी प्रकार का सर्वे प्राइवेट एजेंसी से न करवाने, अध्यापकों से कोई भी गैर शैक्षणिक कार्य न करवाए जाने की मांग भी उठाई गई।
इस अवसर पर स्कूल मुखियाओं को संबोधित करते हुए संघ जिला प्रधान रमेश जाखड़ ने कहा कि हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ स्कूलों को प्रयोगशाला नहीं बनने देगा, अध्यापकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करेगा। इसके लिए 10-12 नवंबर तक पलवल में होने वाले राज्य सम्मेलन में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। रमेश जाखड़ ने कहा कि डीईओ का पद सृजित न होने की वजह से काफी परेशानी सामने आ रही हैं। इसलिए जिले में जल्द ही डीईओ कार्यालय शुरू करने की जरूरत है। इस समय शिक्षकों को अपने कामकाज आदि के लिए भिवानी जाना पड़ता है जिससे काफी परेशानी होती है।