स्वामीनाथन आयोग रिपोर्ट लागू करने में सरकार ने नहीं दिखाई गंभीरता: सुनील
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
नई अनाज मंडी में 21 अक्तूबर को होने वाली प्रदेश स्तरीय किसान महारैली को लेकर किसान जनहित समिति के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने सतगामा के तहत आने वाले विभिन्न गांवों कन्हेटी, मोरवाला, सरूपगढ़, सांतौर, निमली, बिगोवा, भागवी, इमलोटा का दौरा किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुनील पहलवान के नेतृत्व में सदस्यों ने उपरोक्त गांवों के ग्रामीणों को अधिक से अधिक संख्या में प्रदेश स्तरीय रैली में शिरकत करने का आह्वान किया। किसानों की समस्याओं को उठाने के लिए आयोजित इस रैली में बतौर मुख्य अतिथि समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहलवान रणबीर शिरकत करेंगे। सुनील पहलवान ने कहा कि वर्तमान में किसानों की हालत किसी से छिपी नहीं है। भूमिपुत्रों की दशा सुधारने के दावे तो बहुत किए जाते हैं लेकिन हकीकत में किसानों के लिए गंभीरता से कार्य नहीं किया गया है। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट की अहमियत को तो सभी सरकारें खुद मानती हैं लेकिन इसे धरातल पर लागू करने की मंशा किसी ने नहीं दिखाई। अभी तक किसानों को केवल आश्वासन देकर ही टरकाया जाता रहा है, अब यह अधिक नहीं सहन होगा। इस मौके पर युवा प्रदेश अध्यक्ष जगबीर नंबरदार, राजेंद्र धनखड़, प्रदेश महासचिव बिजेंद्र सहरावत, प्रदेश सचिव किला सिंह, दादरी जिला अध्यक्ष राजपाल सांगवान, मातनहेल ब्लॉक प्रधान ओमप्रकाश व सुरेश प्रधान इमलोटा, पूर्व सरपंच धर्मबीर, ओमप्रकाश सरपंच, बिगोवा से सरपंच राजपाल, सुरेश, पूर्व सरपंच संमुद्र, पूर्व सरपंच कश्मीर, कन्हेटी से धर्मबीर, पप्पू, शमशेर, धर्मराज, मोरवाला से पूर्व सरपंच जयवीर, सरूपगढ़ से सरपंच जोर पंडित, निमली से मांगे प्रधान, पूर्व सरपंच कंवर आदि मौजूद रहे।