खेल महाकुंभ में 4150 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
जिले में विभिन्न स्थानों पर 26 सितंबर से तीन अक्तूबर तक आयोजित खेल महाकुंभ के दौरान 22 स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इसमें रिकार्ड 4150 खिलाड़ियों ने शिरकत कर 1307 स्वर्ण, 1307 रजत और 1485 कांस्य पदक पर कब्जा किया। खेल विभाग के निदेशक जगदीप सिंह श्योराण ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में खेल महाकुंभ का आयोजन सफलता पूर्वक किया गया। इन प्रतियोगिताओं में 14 से लेकर 60 साल से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और खेल मंत्री अनिल विज के निर्देशानुसार खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में वृद्धि की गई है। जगदीप सिंह श्योराण ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को दो हजार, द्वितीय विजेता को 1500 व तृतीय पुरस्कार विजेता को एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। राज्य स्तर पर प्रथम विजेता को पांच हजार रुपये, दूसरे स्थान के लिए तीन हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को दो हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वर्ण जयंती खेल महाकुंभ के अंतर्गत राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन पांच से 26 अक्तूबर तक सभी जिलों में किया जा रहा है। खेल विभाग के निदेशक ने बताया कि भिवानी के भीम स्टेडियम में 16 से 18 अक्तूबर तक महिला व पुरुष वर्ग की प्रदेश स्तरीय रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।