निर्माणाधीन कन्या कॉलेज का किया दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
बाढड़ा में निर्माणाधीन कन्या कॉलेज का सोमवार को लोकनिर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता युद्धवीर सिंह की अगुवाई में विभाग की पंचकूला और भिवानी से आई दो टीमों ने दौरा किया। इन टीमों ने यहां की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। टीम के साथ मौके पर पहुंचे विधायक सुखविंद्र मांढी ने बताया कि कन्या कॉलेज में 800 से ज्यादा छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। इन छात्राओं को स्कूल के कमरों में बैठकर जैसे-तैसे काम चलाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में देरी से छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने बताया कि कन्या कॉलेज निर्माण के दो भवनों के अलावा तीन करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले आधुनिक मॉडल के वातानुकूलित हॉल आदि निर्माण की योजना है। 14 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत होने के बाद भवन निर्माण कार्य तो पूरा हो गया लेकिन अभी भी कुछ निर्माण में देरी होने से छात्राओं को कुछ परेशानी आ रही है। टीम ने निर्माण कंपनी के ठेकेदार को प्रदेश के बड़े भवनों के मॉडल का मुआयना करने व तुरंत प्रभाव से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कर्मबीर सिंह नांधा, चेयरमैन भल्लेराम बाढड़ा, जिला पार्षद अनिल बाढड़ा, मंगल गोपी, मुनीश बडेसरा, जयबीर काकड़ौली, धोलिया मांढी, बीडीसी सुरेन्द्र सिंह आदि भी उपस्थित थे।