कामेडी शो में बच्चों ने दर्शकों को किया लोटपोट
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गांव बिरोहड़ स्थित एचडी पब्लिक स्कूल में शनिवार को कामेडी शो का आयोजन किया गया। शो में विद्यालय के लगभग 150 बच्चों ने प्रस्तुति देते हुए दर्शकों को खूब लोटपोट किया। कार्यक्रम में हिंदी, हरियाणवी और अंग्रेजी भाषा की मिलीजुली प्रस्तुतियों ने हंसी के साथ समाज के लिए प्रेरक संदेश भी दिए गए। संचालक बलराज फौगाट ने बताया कि स्वास्थ्य के लिए हंसना बहुत जरुरी है। हंसी बहुत से रोगों की दवा है। हंसने से मानसिक तनाव कम होता है, मांसपेशियों में रक्त संचार बढ़ता है और सौहार्द की भावना उत्पन्न होती है। दूसरों पर हंसना जितना आसान है, उससे अधिक मुश्किल है दूसरों को हंसाना। परंतु हास्य को भी एक सीमा तक सीमित रहना चाहिए। किसी का उपहास करना, किसी के मन को ठेस पहुंचाना हास्य नहीं हो सकता। वहीं प्राचार्या डॉ. रश्मि पौलस्त्य ने सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि दूसरों को हंसाना एक कला है। एक सच्चा हास्य कलाकार वही है जो दूसरों की भावनाओं का सम्मान करते हुए चारों और हंसी के रंग बिखेरें। आज के तनावपूर्ण जीवन में किसी के पास हंसने के लिए समय नहीं है। ऐसे माहौल में हंसी एक टॉनिक का काम करती है। हमने बच्चों को खुलकर हंसने और हंसाने का अवसर देने के लिए इस कॉमेडी शो का आयोजन किया। कार्यक्रम के आयोजन में नृत्य शिक्षक जय वर्मा व संगीत शिक्षक रवि का सहयोग रहा।
फोटो 01 बिरोहड़ स्थित एचडी स्कूल में कामेडी शो के दौरान प्रस्तुति देते बच्चे।