धारणी में 87000 की नकदी समेत सोना-चांदी के गहने चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा।
उपमंडल के गांव कारी धारणी में चोर एक घर से 87000 की नकदी समेत सोना-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर गए। शुक्रवार देर रात हुई इस घटना के दौरान पूरा परिवार घर में सो रहा था फिर भी चोरों ने वारदात की भनक तक नहीं लगने दी। पीड़ित ने इस संबंध में बाढड़ा थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में कारी धारणी निवासी सत्यवीर सिंह ने बताया कि वह और उसकी पत्नी घर के बाहर आंगन में सोये हुए थे जबकि उसका पुत्र, पुत्रवधु और एक लड़की अंदर कमरे में सो रहे थे। सत्यवीर ने बताया कि शनिवार सुबह नींद खुलने के बाद साथ लगते कमरे में जाकर देखा तो वहां सामान इधर-उधर फैला पड़ा था। परिवार के सदस्यों ने जब घर के सामान की जांच की तो वहां से 87000 रुपये नकद, सोने और चांदी के गहने गायब मिले। सत्यवीर ने रात्रि में करीब एक बजे से दो बजे के बीच हुई चोरी की घटना को अंजाम देने का अंदेशा जताते हुए पुलिस को शिकायत देकर चोरी हुए सामान की बरामदगी व चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।