फेस बदलते समय दुकानदार की करंट लगने से मौत
गांव रौंदकलां की घटना, लो वोल्टेज के चलते फेस बदलने छत पर गया था प्रदीप
फोटो 12
अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां।
गांव रौंदकलां में बुधवार सुबह करंट लगने से दुकानदार की मौत हो गई। जानकारी मुताबिक दुकानदार प्रदीप लो वोल्टेज के चलते फेस बदलने के लिए छत पर चढ़ा था, इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। बौंदकलां थाना पुलिस ने घटना के बाद मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में कराया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। वहीं, ग्रामीणों ने लटकते बिजली तारों को दुरुस्त करवाने की मांग बिजली निगम से की है।
जानकारी अनुसार बौंदखुर्द को जाने वाले लिंक रोड पर प्रदीप नामक दुकानदार फर्नीचर की दुकान करता था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे दुकान पहुंचा तो उनके फेस में लो वोल्टेज बिजली थी जिसके कारण छत पर फेस बदलने के लिए चला गया। इस दौरान उसे जोरदार बिजली का झटका लगा और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। मामले की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जिला पार्षद महेंद्र सोनी, जितेंद्र उर्फ पप्पू परमार, सुरेश जांगड़ा, राजेश जांगड़ा, अनिल जांगड़ा, सुरेंद्र जांगड़ा और सतीश जांगड़ा आदि ने बताया कि यहां से गुजरने वाले बिजली के तार काफी नीचे होने के कारण हर समय हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। बिजली निगम लटकती तारों को दुरुस्त नहीं करवा रहा है। बिजली के तार ढीले होने के कारण चिंगारी भी उठती रहती है। इस बारे में बिजली निगम के बौंदकलां फीडर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि निगम जल्द ही इंसूलेटिड केबल डलवा देगा। क्षेत्र में तार नीचे है तो एक ओर खंभा लगाकर तार ऊंचे कर दिए जाएंगे। उन्होंने अपील कि बरसात के दौरान ग्रामीणों को बिजली का काम स्वयं नहीं करना चाहिए बल्कि कोई फाल्ट होने पर बिजली निगम को सूचित करना चाहिए।