जब्त किए घरेलू गैस सिलिंडरों के साथ खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम।
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशालय की तरफ से निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के तहत वीरवार को जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक की टीम ने शहर में 11 स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान होटल, ढाबों, चिकन कार्नर्स और दुकानों पर व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की बजाय घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल होता पाया गया। विभाग की टीम ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जब्त किए 32 घरेलू गैस सिलिंडर डीएवी गैस एजेंसी झज्जर के गोदाम में जमा करवा दिए हैं।
घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल की शिकायत पर वीरवार को विभाग की तरफ से जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा के निर्देश पर सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अशोक कुमार, उप निरीक्षक गोरखनाथ, उप निरीक्षक महावीर सिंह, उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह, सहायक सुनील व सहायक अमन कुमार की टीम गठित की गई। छापामार कार्रवाई की सूचना पर बाजारों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी गई कि वे घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की बजाय व्यावसायिक सिलिंडरों का प्रयोग करें। अधिकारियों ने बताया कि हलवाई, वेल्डिंग की दुकानों के अलावा विभिन्न संस्थानों में इनका इस्तेमाल ज्यादा बढ़ गया है।
गैस बदलने का चलता है खतरनाक खेल
विभाग की तरफ से त्योहारी सीजन के आसपास रेड मारी जाती है। इस समय एक और खतरनाक खेल शुरू हो जाता है। घरेलू सिलिंडरों को छुपा कर रखा जाता है और दिखावे के लिए व्यावसायिक सिलिंडरों को बाहर निकाल लिया जाता है। एक नलकी लगाकर बड़े सिलिंडरों में घरेलू रसोई गैस के सिलिंडरों को खाली कर लिया जाता है। जिससे बड़ा हादसा होने का भी भय बना रहता है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग की तरफ से निरंतर रूप से अभियान चलाए जाएंगे और चेतावनी के बाद भी घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग होता मिला तो विभाग की तरफ से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- मनीषा मेहरा, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक, झज्जर।