अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। देश का पेट भरने वाले किसान स्वाभिमानी और निडर हैं। केंद्र व हरियाणा सरकार उन्हें बेबस और लाचार न समझें। यह बात अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त समन्वयक और बिहार के प्रभारी राजू मान ने रविवार को झोझू कलां के ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि किसानों के हालात आज सरकार की अदूरदर्शी नीतियों के कारण गंभीर बने हैं। कर्ज का दबाव बढ़ता जा रहा है। वहीं, सरकार इस पर गौर करने की बजाय प्रतिदिन 17 रुपये देकर किसानों को अपमानित करने पर तुली है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हाल ही में तीन राज्यों में कर्जे माफ करके दिखा दिया कि वो जो कहते हैं उसे पूरा करके दिखाते हैं। मान ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दस साल के कार्यकाल में प्रदेश में अनेक जनकल्याणकारी कार्य हुए थे। भाजपा सरकार में अधिकतर उस समय की घोषणाओं का फीता काटा गया है। उन्होंने कहा कि दादरी को जिला बने दो साल से ज्यादा समय हो गया है लेकिन अभी तक सरकार ने किसी खास पैकेज की घोषणा तक नहीं की है। यहां तक कि जिला स्तर पर 64 महकमों में से सिर्फ 18 के कार्यालय यहां शुरू हो पाए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी से जनता ठोकरें खाने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि केंद्र में सरकार बनने के बाद किसानों का कर्जा माफ करने के साथ गरीबों को न्यूनतम आय की गारंटी दी जाएगी ताकि सब ढंग से गुजर बसर कर सकें। इस अवसर पर ओमप्रकाश पूर्व सरपंच, संदीप बीडीसी, बलवान सिंह, जमात अली, अर्जुन सिंह, रण सिंह, मनोज कलाली, नरेश पंच, गजेंद्र नंबरदार, संजू, असमाइल खान, जगदीश, शीशराम, जीतू, राजेन्द्र, सतेंद्र, सतीश, राजेश, मंजीत, रितुराज, प्रवीण आदि ग्रामीण मौजूद थे।